
RJD नेता तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा- क्या एक मुख्यमंत्री के जनता से बात करने के लिए 250 करोड़ खर्च होता है?

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अच्छा है कि मुख्यमंत्री लोगों के बीच जा रहे हैं लेकिन आश्चर्य ये है कि अगर मुख्यमंत्री जनता से ही बात करना चाहते हैं तो 200 करोड़ से भी ऊपर की राशि कहां खर्च होगी? क्या एक मुख्यमंत्री के जनता से बात करने के लिए 250 करोड़ खर्च होता है? विपक्ष जानना चाहता है कि 250 करोड़ की राशि कहां खर्च करेंगे? क्योंकि सरकार में लालू जी भी रहें है लेकिन आज से पहले जनता से संवाद के लिए इतना पैसा खर्च नहीं हुआ है। एक तरफ बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की बात करते है। जब आप सरकार में हैं तो बिहार के विशेष राज्य के दर्जे को भूल गए। बाढ़ आती है तब केंद्र सरकार बाढ़ राहत के लिए पैसा नहीं देती है। बिहार में आदरणीय नीतीश कुमार जी को केवल मुखौटा बना दिया गया है। इनसे बिहार नहीं चल पा रहा है। चंद लोग इनके चेहरे को आगे करके बिहार के खजाने को लूट रहे हैं।