
राहुल गांधी ने अडाणी और धारावी को लेकर भाजपा को घेरा। जानें ''एक हैं तो सेफ हैं'' के नारे पर क्या कहकर किया कटाक्ष ?

नई दिल्ली। सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी ने पीएम मोदी और महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का चुनाव आइडियोलॉजी आधारित है। यह चुनाव अरबपतियों के बीच का है। अरबपतियों की मंशा है कि उन्हें मुंबई की ज़मीन मिल जाए। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि अरबपतियों को एक लाख करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र में किसानों, बेरोजगारों और गरीबों की हालत बदतर हो चुकी है।
राहुल गांधी ने ''एक हैं तो सेफ हैं'' के नारे को अपनी दृष्टिकोण से बताया। उन्होंने कहा कि एक कौन हैं- वह नरेंद्र मोदी जी हैं, अदाणी हैं, अमित शाह जी है। सेफ हैं तो कौन हैं- अदाणी जी सेफ हैं। कष्ट किसको होगा तो धारावी की जनता को होगा। नुकसान किसको होगा तो धारावी की जनता को होगा। हिंदुस्तान की छोटी और मध्यम उद्योग, जिसका प्रतीक धारावी है, उसे एक व्यक्ति के लिए खत्म किया जा रहा है।
बता दें कि अदाणी समूह ने नवंबर 2022 में धारावी के पुनर्विकास के लिए बोली जीती थी, यह परियोजना लगभग दो दशकों से पाइपलाइन में अटकी हुई है। मुंबई में जमीन की कमी और अधिक महंगा रियल एस्टेट बाजार होने की वजह से अभी तक इस परियोजना के लिए जमीन नहीं मिली थी। इस परियोजना पर लगभग 20,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान बताया जा रहा है।