
वायनाड भूस्खलन पर प्रियंका गांधी का बयान केंद्र सरकार से मुआवजा देने की अपील

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने हाल ही में वायनाड में हुए भूस्खलन पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार से मुआवजे की मांग की। प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार को वायनाड की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी दी है और बताया कि वहां क्या हालात हैं। प्रियंका गांधी ने कहा-वहां की स्थिति बहुत गंभीर है। लोग पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं, उनके पास किसी प्रकार का सहारा या सपोर्ट सिस्टम नहीं बचा है। लोगों के घर, व्यवसाय और पाठशालाएं सब कुछ बहकर चली गई हैं।
प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार से अपील की कि इस संवेदनशील समय में राजनीति को परे रखते हुए वहां के प्रभावित लोगों की जितनी मदद हो सके, उतनी मदद की जाए। उन्होंने कहा कि यह समय राहत और पुनर्निर्माण का है, न कि राजनीति का, और केंद्र सरकार को पीड़ितों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस ने इस बात पर जोर दिया कि केंद्र सरकार को राज्य सरकार के साथ मिलकर राहत कार्यों को तेज़ी से बढ़ावा देना चाहिए, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द सहारा मिल सके।