
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- राष्ट्रपति द्रौपदी...
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ग्वालियर में, चार हजार करोड़ के जय विलास महल की होंगी मेहमान

ग्वालियर- राजशाही से लेकर लोकशाही के हर दौर में रियासत और सियासत का पावर सेंटर रहा सिंधिया राजवंश का जय विलास पैलेस एक बार फिर सुर्खियों में है. 13 जुलाई को जय विलास महल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मेहमान बनकर आ रहीं हैं. राष्ट्रपति मुर्मू पहली बार सिंधिया राजवंश के इस महल में ढाई घंटे का वक्त बिताएंगी. वे महल के सोने से जड़े दरबार हॉल और उसका ऐतिहासिक वैभव देखेंगी. शाही भोज के दौरान डायनिंग टेबल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए चांदी की ट्रेन में भोजन आएगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए बिना लहसुन प्याज का सात्विक भोजन बन रहा है. उनकी खास पसंद ओडिशा की संतुला डिश भी यहां परोसी जाएगी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं. वे अभी से महल में मौजूद हैं. वे हर चीज की खुद मानिटरिंग कर रहे हैं. 400 कमरे वाले जय विलास पैलेस में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महल के इतिसाह से रूबरू होंगी. राष्ट्रपति सुबह 11.35 बजे महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगी. 12.05 एयरफोर्स स्टेशन से जय विलास पैलेस पहुंचेंगी. महल में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रदर्शनी राजे सिंधिया राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे. वे सबसे पहले 12.45 तक जय विलास संग्राहलय का भ्रमण करेंगी. दोपहर 1 से 2 बजे तक सिंधिया परिवार के साथ शाही भोज करेंगी. राष्ट्रपति के लिए महल में खास सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा. इस भोजन में अदरक, लहसुन, प्याज, काला नमक और चाट मसाले इस्तेमाल नही होंगे.
दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति
वहीं भोज में राष्ट्रपति की खास पसंदीदा उड़ीसा की संतुला डिश भी शामिल होगी. उनके लिए हल्दी वाला गाय का दूध और मल्टीग्रेन ब्रेड सैंडविच, ग्रीन टी भी तैयार किए जाएंगे. दोपहर 2 से 2.30 बजे तक महल ने आमंत्रित लोगों से राष्ट्रपति की मुलाकात होगी. दोपहर 2.40 बजे वे जयविलास से रवाना होकर ट्रिपल आईटीएम पहुंचेंगी. यहां वे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी. कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी रहेंगे मौजूद. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शाम 4.50 बजे महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन से जयपुर रवाना होंगी.