Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

छपरा फायरिंग मामले में गरमाई सियासत : भाजपा और राजद के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी... रोहिणी ने कहा हमारे कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई है

Tripada Dwivedi
21 May 2024 7:46 AM GMT
छपरा फायरिंग मामले में गरमाई सियासत : भाजपा और राजद के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी... रोहिणी ने कहा हमारे कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई है
x

छपरा। मतदान के बाद फायरिंग में एक की मौत और दो व्यक्तियों के घायल होने के बाद बिहार में सियासी माहौल गर्म हो उठा है। भाजपा प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि हार के डर से उदंडता पर उतर आना राजद की पुरानी परंपरा रही है। वही राजद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई है। हम पर हमला हुआ है, मामले में दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। बहरहाल गोली चलाने के मकसद को जानने तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। हालांकि दो लोगों को हिरासत में लिया गया।

छपरा फायरिंग मामले पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव में हिंसा की जगह नहीं होनी चाहिए। प्रशासन के लोगों से हमारी बात हुई है। दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। प्रशासन के लोगों ने मुझे आश्वस्त किया है कि शाम तक जो बाकी के दो लोग हैं उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। कुछ लोग ऐसे हैं जो हार की बौखलाहट से इस तरह के काम करते हैं। प्रशासन के लोगों को इस मामले के देखना चाहिए।

वहीं सारण लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य ने कहा कि भाजपा के लोग डरे हुए हैं। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। भाजपा वाले गुंडों पर FIR होनी चाहिए। प्रशासन से हमारी मांग है कि इन सभी गुंडों को पकड़कर जेल में डालें। एक उम्मीदवार के तौर पर हमें हर एक बूथ पर जाने का अधिकार है। मैं वहां पोलिंग देखने गई थी। भाजपा के गुंडे अंदर बैठे थे। मुझे भद्दी-भद्दी गालियां दी गई हैं। मुझ पर जानलेवा हमला हुआ है। उन्हें किसने ये अधिकार दिया। ये लोग गुंडागर्दी पर आ गए हैं।

दूसरी तरफ, सारण में राजीव प्रताप रूडी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने आरजेडी पर निशाना साधा और कहा हार के डर से पार्टियां उदंडता पर उतर जाती हैं, यहां भी वही हो रहा है। ये तो समझा ही जा सकता है कि जब किसी की पार्टी के लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं तो गरीब वोटर को दबाते हैं तो निश्चित रूप से वो हार के संकेत होते हैं। प्रशासन अपना काम कर रहा है। लगातार चुनाव आयोग को शिकायत जा रही है।

पुलिस छावनी में तब्दील भिखाड़ी ठाकुर चौक

मृतक नगर थाना क्षेत्र के बड़ा तेलपा निवासी नागेंद्र राय के 26 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई। वहीं घायलों में शंभू राय के 30 वर्षीय पुत्र गुडु राय और विदेशी राय के 40 वर्षीय पुत्र मनोज राय शामिल हैं। दोनों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच पटना रेफर दिया गया है। घायल मनोज के कमर में गोली लगी है जबकि गुड्डू राय के सिर में गोली मारी गई है। घटना की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल में पूर्व मंत्री सह मढ़ौरा से राजद विधायक जितेंद्र राय पहुंचे। उन्होंने हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं घटनास्थल पर सारण के आयुक्त एन सरवणन और पुलिस उप महानिरीक्षक विकास वैभव सहित जिलाधिकारी अमन समीर और पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला पहुंचे। उन्होंने लोगों को हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस हत्यारे की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Next Story