Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

पीएम मोदी का विपक्ष पर वार, कहा- सारे भ्रष्टाचारी एक होकर मोदी के खिलाफ हो गए

Neelu Keshari
4 April 2024 8:50 AM GMT
पीएम मोदी का विपक्ष पर वार, कहा- सारे भ्रष्टाचारी एक होकर मोदी के खिलाफ हो गए
x

जमुई, बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस , आरजेडी, इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। गुरुवार को बिहार के जमुई के खैरा में एक विशाल जनसभा को पीएम मोदी संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज जमुई की इस धरती पर उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि जनता का मूड क्या है। जमुई से भाजपा और एनडीए के पक्ष में उठी ये हुंकार बिहार के साथ ही पूरे देश में गूंज रही है।

पीएम मोदी ने रामविलास पासवान को याद करते हुए कहा कि आज इस मंच से एक कमी हम सबको महसूस हो रही है। हमारे लिए ये पहला ऐसा चुनाव है, जब बिहार के बेटे, दलितों-वंचितों के प्रिय और मेरे परम मित्र पद्म भूषण से सम्मानित रामविलास पासवान हमारे बीच नहीं हैं। मुझे संतोष है कि रामविलास के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है। बिहार की इस धरती ने आजादी की लड़ाई में और स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद बिहार के सामर्थ्य के साथ न्याय नहीं हो पाया। बिहार को NDA गठबंधन बहुत ही परिश्रम से एक बड़े दलदल से बाहर निकाल कर लाया है। आज का भारत, दुनिया को दिशा दिखाता है। अब दुनिया देख रही है कि केवल 10 वर्षों में भारत की साख और हैसियत कैसे बढ़ी है।

पीएम मोदी ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि रेलवे में भर्ती के नाम पर जो लोग गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें, वो बिहार के युवाओं का कभी भला नहीं कर सकते। घमंडिया गठबंधन वालों के समय में केवल खस्ताहाल ट्रेनें चलती थीं। लेकिन अब पूरे देश की तरह ही बिहार के लोग भी वंदेभारत ट्रेन में सफर कर रहे हैं।

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के सारे भ्रष्टाचारी, जो हमेशा एक दूसरे से लड़ते थे, अब मिलकर मोदी के खिलाफ हो गए हैं। मैं कहता हूं- भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं- भ्रष्टाचारी बचाओ। एक तरफ NDA सरकार है, जो नए उद्योग लगाने की बात करती है। दूसरी ओर ये लोग हैं, जिनकी पहचान अपहरण उद्योग की रही है। एक तरफ NDA सरकार है, जो सोलर पावर और LED लाइट की बात करती है। दूसरी ओर ये घमंडिया गठबंधन वाले लोग हैं, जो बिहार को लालटेन युग में रखना चाहते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार में राम मंदिर का 500 वर्ष पुराना सपना पूरा हुआ है, जबकि आरजेडी-कांग्रेस ने राम मंदिर न बने, इसके लिए पूरी ताकत लगा दी थी। आज भी ये लोग राम मंदिर का उपहास उड़ाते हैं, अपमान करते हैं।

पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर बिहारी गौरव का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस हो या आरजेडी इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया है। यही कांग्रेस और आरजेडी थी, जिसने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया था। अभी कुछ ही समय पहले हमारी सरकार ने बिहार के गौरव कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया, तब भी इन लोगों ने उसका विरोध किया।

उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव बिहार और भारत के भविष्य के लिए बहुत निर्णायक है। ये चुनाव विकसित बिहार के सपनों को पूरा करने का चुनाव है। ये चुनाव विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है।

Next Story