
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना! कहा- आज की कांग्रेस में पुरानी वाली बात नहीं रही

वर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महाराष्ट्र के वर्धा में पीएम विश्वकर्मा योजना के एक साल पूरे होने पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप जिस कांग्रेस को देख रहे हैं, वो पुरानी कांग्रेस नहीं रही बल्कि आज की कांग्रेस में देशभक्ति की भावना मर चुकी है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का मतलब है झूठ, धोखा और बेईमानी। उन्होंने तेलंगाना में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था लेकिन अब किसान अपना कर्ज माफ करवाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। आज की कांग्रेस में नफरत का भूत घुस चुका है। विदेशी धरती पर कांग्रेस के लोगों की भाषा देखिए, उसमें उनका देश विरोधी एजेंडा, समाज को तोड़ने की बातें करना, देश की संस्कृति का अपमान करना जैसें भाषण होते है। यह वह कांग्रेस है जिसे 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' और 'अर्बन नक्सल' के लोग चला रहे हैं। आज अगर देश में सबसे बेईमान और सबसे भ्रष्ट पार्टी कोई है तो वो कांग्रेस पार्टी है। अगर देश में सबसे भ्रष्ट परिवार कोई है तो वो कांग्रेस का राजपरिवार है।
कांग्रेस गणपति पूजा से करती है नफरत: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है। स्वतंत्रता संग्राम में लोकमान्य तिलक के नेतृत्व में गणपति उत्सव भारत की एकता का उत्सव बन गया। गणेश उत्सव में हर समाज, हर वर्ग के लोग एक साथ आते हैं इसलिए कांग्रेस पार्टी गणपति पूजा से भी नफरत करती है। जब मैं गणेश पूजा कार्यक्रम में गया तो कांग्रेस का तुष्टिकरण का भूत जाग उठा। कांग्रेस ने गणपति पूजा का विरोध करना शुरू कर दिया। कांग्रेस तुष्टिकरण के लिए कुछ भी कर रही है। आपने खुद देखा है कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने गणपति बप्पा को सलाखों के पीछे डाल दिया। जिस गणपति की मूर्ति की लोग पूजा कर रहे थे, उसे पुलिस वैन में कैद कर दिया गया। गणपति का यह अपमान देखकर पूरा देश गुस्से में है। मुझे आश्चर्य है कि कांग्रेस के सहयोगी भी इस मुद्दे पर चुप हैं। वे कांग्रेस की संगति में इतने प्रभावित हैं कि उनमें गणपति के अपमान का भी विरोध करने की हिम्मत नहीं है। हमें एकजुट होकर कांग्रेस के इन पापों का जवाब देना होगा।