
विनेश फोगाट की सफलता पर बजरंग पूनिया ने कहा- ये लड़की अपने देश में सड़कों पर घसीटी गई थी,आज ये लड़की दुनिया जीतने वाली है

नई दिल्ली। रेसलर विनेश फोगाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेरिस ओलंपिक 2024 में सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यूक्रेन की खिलाड़ी ओक्साना लिवाच को 7-5 से करारी शिकस्त दी। विनेश की इस सफलता पर बजरंग पूनिया ने कहा कि ये लड़की अपने देश में लातों से कुचली गई थी।
बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि हमें पहले ही भरोसा था कि वह गोल्ड लेकर आएगी। भारत की वो शेरनी जिसने आज बैक टू बैक मैच में जीत हासिल की। 4 बार की World Champion और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन को हराया है। उसके बाद क्वार्टरफाइनल में पूर्व World Champion को हराया लेकिन एक बात कहना है मुझे ये लड़की अपने देश में लातों से कुचली गई थी। ये लड़की अपने देश में सड़कों पर घसीटी गई थी। ये लड़की दुनिया जीतने वाली है फिर भी इस देश में सिस्टम से हार गई थी।
उन्होंने कहा कि जब हम जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे तो हमारे बारे में बहुत कुछ बोला गया था। अब वो लोग कहां हैं। अब वह देश की बेटी कहलाएगी या नहीं, अब उनके पास कॉल जाएगा या नहीं।
बजरंग पूनिया ने कहा कि हम लोग आज भी मेंटली टॉर्चर वाले दौर से गुजर रहे हैं। विनेश अपनी सच्चाई के साथ लड़ाई लड़ रही थी। उसे खालिस्तानी और देशद्रोही तक कहा गया। जब कोई मेडल जीत लेता है तो देश की बेटी हो जाती है। विनेश ने लंबा संघर्ष किया है लेकिन देशवासियों के आशीर्वाद से उसने सफलता हासिल की है। उसने सर्जरी और प्रोटेस्ट के बाद कमबैक किया है।