
मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से किया जाएगा सम्मानित

नई दिल्ली। फिल्मी दुनिया पर राज कर रहे अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसकी जानकारी यूनियन मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी। यह अवॉर्ड उन्हें 8 अक्टूबर को दिया जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने पोस्ट कर लिखा कि यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने महान अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है। 8 अक्टूबर को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित होने की घोषणा होने पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मेरे पास शब्द नहीं हैं। न तो मैं हंस सकता हूं और न ही रो सकता हूं। यह इतनी बड़ी बात है। मैंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी। मैं बेहद खुश हूं। मैं इसे अपने परिवार और दुनिया भर में अपने प्रशंसकों को समर्पित करता हूं।
मिथुन चक्रवर्ती हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार हैं। उन्होंने अपनी सिनेमा करियर की शुरुआत 1976 में आई फिल्म ‘मृगया’ से की थी। ऐसे में दशकों तक शानदार काम के लिए उन्हें सम्मानित किया जा रहा है।