Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

छत्रसाल स्टेडियम में सीएम केजरीवाल की जगह मंत्री कैलाश गहलोत ने फहराया तिरंगा, अरविंद केजरीवाल को बताया आधुनिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी

Neelu Keshari
15 Aug 2024 7:32 AM GMT
छत्रसाल स्टेडियम में सीएम केजरीवाल की जगह मंत्री कैलाश गहलोत ने फहराया तिरंगा, अरविंद केजरीवाल को बताया आधुनिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी
x

नई दिल्ली। देश आज 15 अगस्त को अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जगह परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने छत्रसाल स्टेडियम में तिरंगा फहराया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री आतिशी, गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज और इमरान हुसैन भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भारत को आजाद कराने में लाखों-करोड़ों सेनानियों ने अपने प्राण गंवाये। आज आजादी के 78वें वर्ष पर मैं सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को दिल से नमन करता हूं। इसके साथ ही आजादी के बाद देश की सीमाओं पर अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा करने वाले जवानों को सलाम करता हूं।

मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों के बाद भी एक चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बिना किसी अपराध, बिना कोई सबूत और बिना कोई मुकदमा चलाए जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल आधुनिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं। उन्हें दिल्ली की जनता के लिए काम करने की सजा मिली है। उन्होंने जेल जाना स्वीकार किया लेकिन लोकतंत्र विरोधी ताकतों के आगे झुकना स्वीकार नहीं किया। दिल्ली शिक्षा क्रांति के जनक मनीष सिसोदिया स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पहले आजाद हुए हैं और मुझे भरोसा है कि हमारे प्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जल्द ही बाहर आएंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बदलाव लाकर साबित कर दिया कि अगर नियत साफ हो और सरकार ईमानदार हो तो सब कुछ हो सकता है। हमारी सरकार ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में तमाम काम किए हैं। दिल्ली में 24 घंटे मुफ्त बिजली आती है। इसके साथ ही दिल्ली के सरकारी स्कूलों में जबरदस्त बदलाव हुआ है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकारी अस्पतालों का कायापलट हुआ है। आप सरकार ने अपने बजट का 15% स्वास्थ्य के लिए दिया है। इसके साथ ही पूरी दिल्ली में 540 मोहल्ला क्लीनिक खोले गए, जहां हर रोज 65,000 लोगों को मुफ्त इलाज किया जाता है। तमाम बाधाओं के बाद भी हमारी सरकार दिल्ली में 11 नये अस्पताल का निर्माण और 14 अस्पतालों का नवीनीकरण करा रही है। इसके साथ ही केजरीवाल सरकार दिल्लीवालों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए मुफ़्त बिजली-पानी दे रही है। सरकारी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज उपलब्ध है। वहीं महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

Next Story