
सीएम बीरेन सिंह के सुरक्षा काफिले पर उग्रवादियों ने किया हमला, 1 जवान घायल

इंफाल। उग्रवादियों ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के सुरक्षा काफिले पर कांगपोकपी में घात लगाकर आज हमला कर दिया। हमला जेड श्रेणी सुरक्षा के सुरक्षा कर्मियों पर किया गया था। जिसमें एक जवान घायल हो गया। काफिला हिंसा प्रभावित जिरीबाम की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों के वाहनों पर कई गोलियां चलाई गईं जिन्होंने जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 53 के एक हिस्से पर कोटलेन गांव के पास गोलीबारी अभी भी जारी है।
उग्रवादी हमले में घायल सुरक्षाबल को इम्फाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री बीरेन सिंह अभी दिल्ली से इंफाल नहीं पहुंचे हैं। वह जिले में स्थिति का जायजा लेने के लिए जिरीबाम जाने की योजना बना रहे थे।
बता दें संदिग्ध उग्रवादियों ने शनिवार को जिरीबाम में दो पुलिस चौकियों,वन विभाग के कार्यालय और कम से कम 70 मकानों में आग लगा दी थी।