Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

शिवाजी की प्रतिमा गिरने के मामले में बड़ी कार्रवाई, आरोपी स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट गिरफ्तार

Neelu Keshari
30 Aug 2024 5:32 AM GMT
शिवाजी की प्रतिमा गिरने के मामले में बड़ी कार्रवाई, आरोपी स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट गिरफ्तार
x

सिंधुदुर्ग, महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के मलावन में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने के मामले में आज शुक्रवार को पहली गिरफ्तारी हो चुकी है। इस मामले में पुलिस ने एक स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल को गिरफ्तार किया है। सिंधुदुर्ग पुलिस के मुताबिक, आरोपी को कोल्हापुर से गिरफ्तारी किया गया है। स्थानीय क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। चेतन को आज सिंधुदुर्ग लाया जाएगा।

शिवाजी की प्रतिमा गिरने के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में चेतन पाटिल का नाम भी शामिल था। इस बारे में जानकारी मिलते ही वह फरार हो गया था। प्राथमिकी में पाटिल पर लापरवाही और प्रतिमा के आसपास के लोगों को संभावित रूप से नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

बता दें कि सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा चार दिसंबर 2023 को नौसेना दिवस के अवसर पर स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा का अनावरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कहना है कि प्रतिमा नौसेना ने बनवाई थी और हवा की वजह से गिरी है। उन्होंने यह भी कहा है कि वहां जल्द ही एक नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

Next Story