Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए इनेलो और बसपा का गठबंधन, जानें कितनी सीटों पर इनेलो और कितनी पर बसपा लड़ेगी चुनाव

Tripada Dwivedi
11 July 2024 9:33 AM GMT
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए इनेलो और बसपा का गठबंधन, जानें कितनी सीटों पर इनेलो और कितनी पर बसपा लड़ेगी चुनाव
x

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए इनेलो और बसपा ने गठबंधन कर लिया है। चंडीगढ़ में गठजोड़ का एलान करते हुए बसपा के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में 37 सीट पर बसपा चुनाव लड़ेगी और 53 सीट पर इनेलो चुनाव लड़ेगी। बसपा-इनेलो गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा अभय चौटाला होंगे।

1996 के लोकसभा चुनाव के दौरान इनेलो व बसपा के बीच पहली बार गठबंधन हुआ था। इनेलो ने सात लोकसभा सीटों पर और बसपा ने तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बसपा ने एक अंबाला लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी जबकि इनेलो प्रत्याशी राज्य की चार लोकसभा सीटों कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा और भिवानी पर चुनाव जीते थे।

इस दौरान अभय चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर हमारा एक साझा घोषणा पत्र है। एससी एसटी की नौकरियां भरी जाएंगी। जो कोटा खत्म किया गया। उसे वापस दिया जाएगा। एससी-एसटी को 100-100 गज के मुफ्त प्लॉट दिए जाएंगे। एससी एसटी बच्चों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। एससी और बीसी को मुफ्त कॉलेज शिक्षा दी जाएगी। चाहे वे सरकारी या प्राइवेट किसी कॉलेज में पढ़े। जनरल कैटेगरी के बच्चों से जो बांड भरवाए जा रहे हैं हम उसे खत्म करेंगे। महिलाओं पर हो रहे अपराधों पर रोक लगाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदमाशों का दबदबा है। मुख्यमंत्री इसे रोकने का बयान देते हैं लेकिन इन लोगों को सरकार संरक्षण दे रही है। चौधरी देवीलाल ने बुढ़ापा पेंशन शुरू की थी। जो आज 3000 है हम इसे 7500 करेंगे। हम हर घर से एक पढ़े लिखे युवा को सरकारी नौकरी देंगे। 21 हजार बेरोजगारी भत्ता देंगे। पीने का पानी मुफ्त देंगे। हर घर में हर महीने गैस का एक सिलेंडर मुफ्त देंगे। अगर जरूरत पड़ी तो आम आदमी पार्टी से भी बात कर सकते हैं लेकिन यह बाद की बात है।

Next Story