
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर लौटे भारत, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा- हमारी कोशिश थी कि हम गोल्ड मेडल जीतें

नई दिल्ली। पेरिस ओलपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता है। अब टीम वापस भारत लौट चुकी है। टीम का इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ टीम का स्वागत किया है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि देश के लिए पदक लेकर आना सबसे बड़ी बात है। हमारी कोशिश थी कि हम फाइनल तक जाकर गोल्ड मेडल जीतें। दुर्भाग्य से हमारा वो सपना पूरा नहीं हो पाया लेकिन हम खाली हाथ वापस नहीं आए हैं। एक के बाद एक कांस्य पदक जीतना भी हॉकी के लिए इतिहास है और हमें बहुत गर्व है।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह कहते हैं कि ओलंपिक के समापन समारोह में ध्वजवाहक बनने के लिए पीआर श्रीजेश इसके हकदार थे। अगर भारत सरकार और भारतीय ओलंपिक समिति ने उन्हें यह अवसर दिया है तो हॉकी इंडिया उनका शुक्रिया अदा करता है। यह एक शानदार जीत थी। लगातार दो पदक जीतना एक बड़ी उपलब्धि है। लेकिन हमारा लक्ष्य फाइनल खेलना था लेकिन रेफरी की गलती से अमित रोहिदास को बाहर बैठाने की वजह से हमें हार का सामना करना पड़ा और इसलिए हम कांस्य पदक के साथ यहां हैं। अन्यथा पदक का रंग बदल दिया जाता।