
इजरायल-ईरान युद्ध से भारत चिंतित! बढ़ सकती है तेल की कीमत, पीएम मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट की हुई बैठक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज यानी शुक्रवार को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में पश्चिम एशिया के संकट और उसके भारत पर संभावित असर को लेकर चर्चा की गई।
इस बैठक में पश्चिम एशिया के संकट के कारण भारत में कच्चे तेल की आपूर्ति पर असर पड़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इससे भारत से होने वाले व्यापार पर भी असर पड़ सकता है।
बता दें मिडिल ईस्ट में जंग की आहट ने पूरी दुनिया को परेशानी में डाल दिया है। पहले ही इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है और अब इजरायल और लेबनान के संगठन हिज्बुल्लाह के बीच भी तनाव शुरू हो गया है। इजरायल लगातार हिज्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए एयरस्ट्राइक कर रहा है। इसके बाद ईरान भी जंग में आगे आ रहा है। ईरान ने भी इजरायल पर अटैक करना शुरू कर दिया है।
बता दें कि हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि इस्राइल, ईरान के तेल ठिकानों पर हमला कर सकता है। इसके बाद दुनियाभर में तेल की कीमतों में इजाफा होने की आशंका पैदा हो गई है। अगर ऐसा हुआ तो भारत पर इसका विपरीत असर होगा। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है। यही वजह है कि अगर तेल की कीमतें बढ़ती हैं तो इससे भारत के खजाने पर विपरीत असर पड़ेगा और सरकार का बजट गड़बड़ाने का आशंका है।