Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सभी पदों से दिया इस्तीफा, 30 अगस्त को भाजपा में होंगे शामिल

Tripada Dwivedi
28 Aug 2024 6:03 PM GMT
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सभी पदों से दिया इस्तीफा, 30 अगस्त को भाजपा में होंगे शामिल
x

नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा से सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। अब वह 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे। इस्तीफे की जानकारी उन्होंने खुद दी है।

चंपई सोरेन ने अपने इस्तीफे को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से त्याग पत्र दिया। झारखंड के आदिवासियों, मूल वासियों, दलितों, पिछड़ों और आम लोगों के मुद्दों को लेकर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

चंपई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष को संबोधित त्याग पत्र में लिखा कि आदरणीय गुरु जी, जोहार। मैं चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों से विक्षुब्ध होकर पार्टी छोड़ने को विवश हूं। अत्यंत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आप के मार्गदर्शन में जिस पार्टी का सपना हम जैसे कार्यकर्ताओं ने देखा था एवं जिसके लिए हम लोगों ने जंगलों, पहाड़ों एवं गांवों की खाक छानी थी, आज पार्टी अपनी उस दिशा से भटक चुकी है।

उन्होंने लिखा कि झामुमो मेरे लिए एक परिवार जैसा रहा एवं मैनें कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे इसे छोड़ना पड़ेगा। लेकिन पिछले कुछ दिनों के घटनाक्रम की वजह से मुझे बहुत ही पीड़ा के साथ यह कठिन निर्णय लेना पड़ रहा है।

उन्होंने पत्र में लिखा कि आपके वर्तमान स्वास्थ्य की वजह से आप सक्रिय राजनीति से दूर हैं तथा आपके अलावा पार्टी में ऐसा कोई फोरम नहीं है, जहां हम अपनी मन की पीड़ा को बता सकें। इस वजह से मैं झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। आपके मार्गदर्शन में झारखंड आंदोलन के दौरान तथा उसके बाद भी मुझे जीवन में बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त हुआ है। आप सदैव मेरे मार्गदर्शक बने रहेंगे। आपसे विनम्र अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार करने की कृपा करें।

Next Story