Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बिहार के 16 जिलों में बाढ़ का कहर जारी! 10 लाख लोग प्रभावित, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण

Neelu Keshari
1 Oct 2024 7:47 AM GMT
बिहार के 16 जिलों में बाढ़ का कहर जारी! 10 लाख लोग प्रभावित, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण
x

पटना। बिहार में बाढ़ का कहर जारी है। बिहार के 16 जिले के 55 प्रखंडों के 269 ग्राम पंचायतों में करीब 9.90 लाख आबादी प्रभावित हैं। इतना ही नहीं तेज बहाव में दंपती, बच्ची समेत आठ लोग बह गए। उनकी तलाश जारी है। तटबंधों की निगरानी के लिए 106 इंजीनियरों की टीम तैनात की गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री विजय कुमार चौधरी आज मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य को युद्धस्तर पर चलाए जाने का आदेश दिया है। सीएम ने अधिकारियों से बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद करने का भी निर्देश दिया है।

तो वहीं केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान ने आज सहरसा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव के जरिए निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि नेपाल में भारी बारिश की वजह से कोसी बराज से पानी छोड़ने के बाद कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र में स्थिति बहुत भयावह है , हम सबको राजनीतिक मतभेद मिटाकर एकजुट होकर बिहारियों की समस्या का समाधान निकालना होगा।

उन्होंने कहा कि वहां के ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरण किया। साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की कोई समस्या न उत्पन्न हो, इसका ख्याल रखा जाए। बड़े स्तर पर सामूहिक किचन की भी व्यवस्था की गई है। आगे भी जो आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए, उठाए जायेंगे। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को भी वर्तमान स्थिति से अवगत करवाऊंगा और बिहारियों की हर संभव मदद के लिए प्रयास करूंगा।

बिहार में गंडक कोसी, बागमती, महानंदा में आई बाढ़ के कारण 16 जिलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इन 16 जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, सीवान, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, सहरसा और सारण के 55 प्रखंडों के 269 ग्राम पंचायतों की करीब 9.90 लाख आबादी प्रभावित हुई है। तटबंधों की निगरानी के लिए 106 इंजीनियरों की टीम तैनात की गई है।

Next Story