
आइएनएस ब्रह्मपुत्र में लगी आग पर काबू पा लिया गया, लापता नाविक की तलाश जारी

मुंबई। मुंबई के नौसेना डाकयार्ड में बड़ा हादसा हुआ हो गया। यहां मरम्मत के दौरान रविवार को नौसेना के बहुउद्देश्यीय युद्धपोत आइएनएस ब्रह्मपुत्र में आग लग गई। नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि यह वॉरशिप मुंबई के नेवी डॉकयार्ड पर मेंटेनेंस के लिए रखा गया था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। नौसेना डाकयार्ड मुंबई और बंदरगाह में मौजूद अन्य जहाजों के अग्निशमन कर्मियों की सहायता से आज सुबह तक आग पर काबू पा लिया गया। इसके अलावा आग लगने के बाद हुए नुकसान के आकलन के लिए जांच का आदेश दिया गया है।
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को युद्धपोत आइएनएस ब्रह्मपुत्र में लगी आग के बारे में बताया। अधिकारियों ने बताया कि आग की घटना में युद्धपोत एक तरफ झुक गया है और तमाम कोशिशों के बावजूद जहाज को सीधा नहीं किया जा सका है। फिलहाल जहाज एक तरफ टिका हुआ है। हादसे में एक नाविक को छोड़कर सभी कर्मियों को बचा लिया गया है। लापता नाविक की तलाश जारी है।