
किसानों का जेल भरो आंदोलन : ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर किसानों और महिलाओं की गिरफ्तारी

नोएडा। 10% भूखंड समेत अन्य मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों को शनिवार को परी चौक पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान 60 से अधिक किसानों और महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर सुबह से ही परी चौक पर पुलिस, पीएसी और आरपीएफ की महिला जवानों की भारी तैनाती की गई थी। करीब 12 बजे तुगलपुर गांव से नारेबाजी करते हुए 30 से अधिक किसान और महिलाएं परी चौक पर पहुंचे। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इसके आधे घंटे बाद दादरी के एनटीपीसी के आसपास के गांवों से आए किसानों और महिलाओं ने भी नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इनमें 40 से अधिक महिलाएं शामिल थीं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। महिलाएं जमीन पर बैठकर नारेबाजी करती रहीं लेकिन पुलिस ने उन्हें बसों में बैठाकर जेल भेज दिया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आंदोलन को दबाने के लिए उनके नेताओं को जेल में डाल दिया गया है। किसानों ने ऐलान किया है कि उनका जेल भरो आंदोलन जारी रहेगा और वे अपना हक लेकर रहेंगे।