
दिल्ली हाई कोर्ट ने यमुना नदी में छठ पूजा करने की अनुमति देने से किया इनकार

नई दिल्ली। मंगलवार से महापर्व छठ शुरू हो गया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने यमुना नदी में छठ पूजा करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। अदालत में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई थी जिसमें यमुना नदी के तट पर उत्सव मनाने पर प्रतिबंध लगाने के सरकार के फैसले को चुनौती दी गई थी।
अदालत ने कहा कि यमुना नदी के किनारे पूजा करने की बजाय अन्य घाटों पर पूजा की जा सकती है। अदालत ने बताया कि यह प्रतिबंध यमुना नदी में बढ़ती प्रदूषण के कारण लगाया गया है क्योंकि चेतावनी दी गई है कि ऐसे जहरीले पानी में नहाने से लोग बीमार पड़ सकते हैं।
बता दें दिल्ली में सरकार की तरफ से एक हजार से अधिक घाट पर आर्टिफिशियल घास टेंट, लाइट्स, साफ़-सफ़ाई, सुरक्षा आदि सभी चीजों का इंतजाम किया गया है। साथ ही बहुत से घाटों पर मैथली-भोजपुरी अकादमी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया है ताकि श्रद्धालु खुशी, सुकून और उल्लास के साथ आस्था के महापर्व छठ को मना सकें।