
हरियाणा में हो सकता है कांग्रेस-AAP का गठबंधन, आप नेता ने दिया इशारा
नई दिल्ली। हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ सकती है। यह बात आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के बयानों से स्पष्ट लग रहा है। आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी के फैसले का स्वागत किया है और कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हराना ही हम सबकी प्राथमिकता है। हालांकि अरविंद केजरीवाल की सहमति से फैसला लिया जाएगा। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन की वकालत की थी।
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि मैं राहुल गांधी के बयान का स्वागत करता हूं। भाजपा को हराना हम सबकी प्राथमिकता है। उनकी राजनीति नफरत की है, यह लोगों, किसानों, युवाओं के खिलाफ है। आधिकारिक घोषणा और अंतिम निर्णय संदीप पाठक द्वारा लिया जाएगा। वे अरविंद केजरीवाल से परामर्श करेंगे और गठबंधन पर अंतिम निर्णय लेंगे। बता दें कि हरियाणा की सभी 90 सीटों पर पांच अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं 8 अक्टूबर को मतगणना होगी।