Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बवाल ए बांग्लादेश! कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने दिया विवादित बयान, जानें ऐसा क्या कह दिया कि अब कांग्रेस को घेरने में लग गई भाजपा

Neelu Keshari
7 Aug 2024 8:10 AM GMT
बवाल ए बांग्लादेश! कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने दिया विवादित बयान, जानें ऐसा क्या कह दिया कि अब कांग्रेस को घेरने में लग गई भाजपा
x

नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बांग्लादेश में हो रही हिंसा को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश में जिस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं, वैसी भारत में भी हो सकती हैं। उनके इस बयान पर अब बवाल शुरू हो गया है और भाजपा नेता उनके बयान की आलोचना करते कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं। हालांकि जब सलमान खुर्शीद के बयान पर बवाल मचा तो उन्होंने अपने बयान पर सफाई भी दी है। उन्होंने कहा कि मैं जो भी कहता हूं सार्वजनिक रूप से कहता हूं, निजी तौर पर कभी नहीं।

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी की किस प्रकार की सोच है। आज मुझे याद आता है जब राहुल गांधी संसद में खड़े होकर कहते थे कि इस देश में आग लगेगी, दंगे होंगे, प्रधानमंत्री पर हमला होगा। विदेश यात्रा में भी राहुल गांधी चोरी-छिपे कई लोगों से मिलते थे। आज मालूम पड़ रहा है कि आखिर उनकी मंशा क्या थी। ये बहुत ही गंभीर विषय है। जब भारत में चारों तरफ इस तरह की परिस्थिति देखने को मिल रही है। कांग्रेस पार्टी जो देश का मुख्य विपक्ष है, क्या यही चाहती है? वे चुनाव में जीत नहीं पा रहे हैं जिस कारण अपनी खीज इस प्रकार की अराजकता को फैलाकर निकाल रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य है इस देश का कि जो विपक्ष है जो वोट के लिए टुकड़े-टुकड़े गैंग की भूमिका निभा रहा है। आज बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार हुआ, कल मनीष तिवारी ने बात की लेकिन उन्होंने एक बार भी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर कुछ नहीं कहा। सलमान खुर्शीद भूले नहीं कि ये भारत है, यह गणतंत्र की जननी है। राहुल गांधी के इशारे पर ही सलमान खुर्शीद ने देश को चेताने का काम किया है लेकिन राहुल गांधी ये भूले नहीं कि जब-जब इस देश में किसी ने औरंगजेब बनने की कोशिश की है तो महाराणा प्रताप भी आए हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र का मजाक उड़ाने वाला बयान है। इंदिरा गांधी ने 1975 में तानाशाही की पराकाष्ठा करते हुए देश में आपातकाल लगाया था। अभी भी कांग्रेस के नेताओं के अंदर आपातकाल की आत्मा घूम रही है। बांग्लादेश में मंदिर तोड़ना, हिंदूओं को मारना, विपक्षी नेताओं को चुन-चुन कर मारना, इस पर कांग्रेस के लोग तालियां बजा रहे हैं? किस बात की खुशी हो रही है? ये सोच ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

Next Story