
चंपई सोरेन राजनीति से नहीं लेंगे संन्यास, नई पार्टी बनाएंगे

झारखंड। झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता चंपई सोरेन के पार्टी छोड़ने की कयास लगाए जा रहे हैं क्योंकि उनके हाल के एक ट्वीट ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दिया है। वहीं अब पूर्व सीएम ने नई घोषणा की है।
चंपई सोरेन ने कहा कि मैं राजनीति से संन्यास नहीं लूंगा। हम नया संगठन भी बना सकते हैं और अगर रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिला तो दोस्ती करके आगे बढ़ेंगे और समाज और राज्य की सेवा करूंगा। जनसमर्थन ने हमारा हौसला बुलंद कर दिया है। उन्होंने कहा है कि सात दिन के भीतर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।
बता दें कल दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि बहुत जल्द पता चल जाएगा कि वे क्या करने वाले हैं। सुबह बड़ी संख्या में समर्थक उनके आवास पर पहुंचे थे। समर्थकों से बातचीत के बाद चंपई सोरेन अलग-अलग जगहों पर जाकर समर्थकों से मिल रहे हैं। अलग संगठन खड़ा करने की घोषणा के बाद ऑफ द रिकॉर्ड चंपई सोरेन ने कहा कि सीएम बनने के बाद जिस तरह से अपमानित किया जा रहा था। उसको बयां नहीं किया जा सकता है।