Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

सिस्टम सुधारने आए थे खुद सिस्टम के हो गए शिकार! जानें कोचिंग हादसे में मारे गए तीनों स्टूडेंट्स क्या सोचकर आए थे दिल्ली, क्या थे उनके ख्वाब?

Neelu Keshari
29 July 2024 12:54 PM GMT
सिस्टम सुधारने आए थे खुद सिस्टम के हो गए शिकार! जानें कोचिंग हादसे में मारे गए तीनों स्टूडेंट्स क्या सोचकर आए थे दिल्ली, क्या थे उनके ख्वाब?
x

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर स्थित राव आईएएस स्टडी सर्किल के बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई जिसमें श्रेया यादव, तान्या सोनी और नेविन डाल्विन शामिल हैं। ये सभी सिस्टम को सुधारने का सपना लेकर राष्ट्रीय राजधानी आए थे और ये खुद सिस्टम की लापरवाही के शिकार हो गए। आइए जानते हैं ये क्यों यहां आए थे? किस परिवार से आए थे? क्या ख्वाब लेकर आए थे?

श्रेया यादव

श्रेया यादव आईएएस बनने का सपने को पूरा करने के लिए दिल्ली आई थी लेकिन कोचिंग सेंटर की लापरवाही ने उसकी जिंदगी ही छीन ली। श्रेया उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के हासिमपुर बरसावा गांव की रहने वाली है। दो भाइयों में अकेली बहन श्रेया पढ़ने में तेज थी। सुल्तानपुर से बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद इसी साल मई में आईएएस की तैयारी करने के लिए वह दिल्ली आई थीं। राव आईएएस में एडमिशन लेने के बाद वह शादीपुर स्थित पीजी में रहती थी। माता-पिता गांव में ही रहते हैं। बड़ा भाई जर्नलिज्म की पढ़ाई कर रहा है और छोटा भाई आठवीं कक्षा में है। उससे पूरे परिवार को बड़ी उम्मीद थी।

तान्या सोनी

तान्या सोनी तेलंगाना के सिकंदराबाद से आईएएस की तैयारी करने के लिए दिल्ली आई थी। वह पढ़ने में बहुत तेज थी। वह 2020-2021 में डीयू के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से स्नातक की थी। वह दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव में रहती थी। स्नातक करने के बाद तान्या ने आईएएस की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद उसके पिता विजय कुमार ने उसे दिल्ली भेज दिया। तान्या सोनी के एक भाई और एक बहन है। वह अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। तान्या सोनी मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली थी। उसके पिता विजय कुमार तेलंगाना स्थित एक माइनिंग कंपनी में सीनियर अधिकारी हैं। वर्तमान में पूरा परिवार तेलंगाना में ही रहता है। आरएमएल के शवगृह पहुंचे तान्या के भाई प्रतीक ने बताया कि वह आईएएस बनकर इस सिस्टम को सुधारना चाहती थी। तान्या अपने घर से सबसे बड़ी बेटी और सबकी लाड़ली थी। डेढ़ महीने पहले की उसने राव आईएएस स्टडी सेंटर को ज्वाइन किया था।

नेविन डाल्विन

नेविन डाल्विन केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला था। साल 2017 में केरल से एमए करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए वह दिल्ली आ गया। वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के कला और सौंदर्यशास्त्र स्कूल से पीएचडी कर रहा था। वह मुनिरका में रहता था। उसके पिता केरल में सेवानिवृत डीएसपी हैं जबकि मां एक यूनिवर्सिटी में संस्कृत की प्रोफेसर थी। नेविन का परिवार मूल रूप से त्रिवेंद्रम का रहने वाला है।

Next Story