
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा विवाद साक्षी के पति की वजह से हुआ शुरू! साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया सिर्फ कुश्ती को खत्म करना चाहते हैं

लखनऊ। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह पर भारतीय महिला पहलवानों पर यौन शोषण के मामले दर्ज हैं। इस दौरान भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि यह विवाद इस तरह से पैदा हुआ कि जब खेल मंत्रालय ने कुश्ती महासंघ पर प्रतिबंध लगा दिया है। उधर विश्व कुश्ती संस्था सरकार पर विश्वास नहीं करती वह सिर्फ कुश्ती महासंघ पर विश्वास करती है। यह स्थिति हमेशा से ऐसी ही रही है।
उसके बाद सरकार और खेल प्रदर्शन ने मिलकर रास्ता निकाला। बच्चे ओलंपिक में गए, ओलंपिक में पदक भी जीते और ये ऐसे ही चलता रहा, इसमें सरकार दखल नहीं दे रही थी और महासंघ अपना काम कर रहा था।
इसके बाद विवाद साक्षी के पति सत्यव्रत कादियान की वजह से पैदा हुआ। वो हाईकोर्ट चले गए। साक्षी के पति ने कोर्ट से मांग की कि खेल महासंघ न तो नेशनल कराए, न ट्रायल करे और न ही टीम भेजे, मतलब खेल गतिविधियां पूरी तरह से बंद कर दी जाएं। उनकी मांग के बावजूद भी खेल महासंघ ने हाल ही में यूथ ट्वेंटी-थ्री वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन किया था जिसमें खेल महासंघ ने अपने खिलाड़ियों को भेजा। बता दें विश्व चैंपियन के लिए भारत से खिलाड़ी अल्बानिया गए हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया सिर्फ खेल की गतिविधि को बस बंद कराना चाहते हैं। वह कुश्ती का भला नहीं चाहते हैं वह सिर्फ कुश्ती को पूरी तरह से खत्म करना चाहते हैं।
बता दें बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप 2023 के जनवरी महीने में सामने आए थे। इस मामले में महिला खिलाड़ियों विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, और बजरंग पुनिया ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर इकट्ठा होकर मीडिया के सामने अपनी बातें कहीं थीं। इन खिलाड़ियों ने बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज न होने पर खिलाड़ियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस को नोटिस गया था और फिर एफआईआर दर्ज हुई थी।