
केजरीवाल सरकार के खिलाफ भाजपा का जल संकट को लेकर 52 स्थानों पर प्रदर्शन

नई दिल्ली। दिल्ली में पानी की समस्या को लेकर भाजपा आज अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। पानी की समस्या को लेकर आप और बीजेपी एक दूसरे पर आरोप लगा रही है। इसे लेकर भाजपा ने आज 52 स्थानों पर प्रदर्शन की घोषणा की है। इन विरोध प्रदर्शनों में भाजपा सांसद, विधायक, पदाधिकारी, पार्षद आदि शामिल हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार पाइपलाइनों में रिसाव ठीक करने और पानी की चोरी रोकने में असफल रही है। इस समस्या को दूर करने की जगह जल मंत्री आतिशी भाजपा पर आरोप लगाने की कोशिश कर रही हैं। यह निंदनीय है। आप सरकार को अपना काम करना चाहिए। अपनी नाकामी छिपाने के लिए वह भाजपा पर बिना किसी तथ्य के आरोप लगा रही है।
वही भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि केजरीवाल सरकार की काम करने की नीयत नहीं है। एक दशक से केजरीवाल सरकार यहां सत्ता में है लेकिन मुख्यमंत्री और उनकी सरकार ने कुछ नहीं किया है। दिल्ली जल बोर्ड का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर चरमराती अवस्था में है। दिल्ली में ऐसा लगता है कि गैरकानूनी टैंकर माफिया को केजरीवाल सरकार प्रोत्साहित कर रही है। दिल्ली जल बोर्ड दिल्ली सरकार के नियंत्रण में है, दिल्ली की जनता को पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की है।