Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को बताया देश का नंबर वन आतंकवादी, सियासत तेज

Neelu Keshari
16 Sep 2024 10:32 AM GMT
बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को बताया देश का नंबर वन आतंकवादी, सियासत तेज
x

नई दिल्ली। बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को देश का नंबर एक आतंकवादी बताया है। उनके इस बयान पर राजनीति गरमा गई है और इसे लेकर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।

राजद नेता मनोज कुमार झा ने रवनीत सिंह बिट्टू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसान आंदोलन के दौरान उनके बयान सुना दूं तो बिट्टू साहब परेशानी में पड़ जाएंगे, क्या-क्या नहीं कहा था। वो नए परिवर्तित है, नए परिवर्तित के समक्ष चुनौतियां बहुत होती है। उसको 'मोर क्रिश्चियन देन द पोप' साबित करना होता है। उस मसले में वो भिड़े हुए हैं। उनकी पूरी जिंदगी कांग्रेस में बीती। आप पार्टी छोड़ कर दूसरी पार्टी में गए हैं मंत्री बने हैं लेकिन सुचिता रहनी चाहिए। आप जिनको खुश करने के लिए बोल रहे हैं उन्हें भी मुसीबत में डाल रहे हैं।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि उस व्यक्ति को शर्म आनी चाहिए, उसे तीन बार सांसद बनाया गया। उसे कुछ नहीं आता था लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी ने उसे तीन बार सांसद बनाया और आज वह कहता है कि राहुल गांधी आतंकवादी है। आपके कहने से राहुल गांधी आतंकवादी नहीं बन जाएंगे लेकिन देश की जनता को आपकी मानसिकता के बारे में पता चल रहा है कि आप कितने एहसान फरामोश हैं कि अपने आकाओं को खुश करने के लिए कुछ भी कह रहे हैं। ऐसी राजनीति अच्छी नहीं है, लोग इसे विश्वासघात, एहसान फरामोशी कहते हैं।

तो वहीं कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि ऐसे लोगों पर हम सिर्फ दया ही कर सकते हैं। कांग्रेस में उनका राजनीतिक करियर भी गड़बड़ रहा। वे राहुल गांधी की तारीफ करते थे और अब कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल होकर अपनी वफादारी दिखा रहे हैं। वह ऊलजलूल बयान देते रहते हैं। उनकी बातों पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा।

बता दें कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयानों पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को बिहार के भागलपुर में कहा था कि राहुल गांधी भारतीय नहीं हैं, उन्होंने अपना ज्यादातर समय बाहर बिताया है। उन्हें अपने देश से ज्यादा प्यार नहीं है, क्योंकि वह विदेश जाकर हर बात को गलत तरीके से कहते हैं। जो लोग मोस्ट वांटेड हैं, अलगाववादी हैं, बम, बंदूक और गोले बनाने में माहिर हैं, उन्होंने राहुल गांधी के बयानों की सराहना की है। देश के दुश्मन जो विमान, ट्रेन, सड़क उड़ाने की कोशिश करते हैं, वे राहुल गांधी के समर्थन में हैं। अगर नंबर एक आतंकवादी और देश के सबसे बड़े दुश्मन को पकड़ने के लिए कोई पुरस्कार होना चाहिए, तो वह राहुल गांधी को मिलना चाहिए।

Next Story