Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

भाजपा का प्रतिनिधिमंडल संदेशखाली रवाना, केंद्रीय मंत्री बोलीं- बंगाल में लोकतंत्र की हत्या हुई

Suman Kaushik
16 Feb 2024 6:17 AM GMT
भाजपा का प्रतिनिधिमंडल संदेशखाली रवाना, केंद्रीय मंत्री बोलीं- बंगाल में लोकतंत्र की हत्या हुई
x

भाजपा प्रतिनिधिमंडल में शामिल केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 'भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ इन मुद्दों को उठाने के लिए फर्जी मामले दर्ज किए जा रहे हैं। सीएम ममता बनर्जी राज्य में लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं।'

भाजपा का छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल के संदेशखाली के लिए रवाना हो गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रतिमा भौमिक, सुनिता दुग्गल, कविता पाटीदार, संगीता यादव और बृजलाल इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं। साथ ही भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल भी भी भाजपा के प्रतिनिधिमंडल के साथ संदेशखाली का दौरा करेंगी।

प्रतिनिधिमंडल ने बंगाल सरकार पर उठाए सवाल

संदेशखाली रवाना होने से पहले मीडिया से बात करते हुए प्रतिनिधिमंडल में शामिल केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 'भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा गठित किया गया प्रतिनिधिमंडल संदेशखाली जा रहा है। संदेशखाली में जो भी हुआ, वह घोर निंदनीय है। मुख्यमंत्री का नाम ममता है, लेकिन उनकी पार्टी के गुंडे शाहजहां शेख जैसे लोग महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ इन मुद्दों को उठाने के लिए फर्जी मामले दर्ज किए जा रहे हैं। सीएम ममता बनर्जी राज्य में लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। पुलिस टीएमसी के गुंडों को सुरक्षा दे रही है, जबकि वही लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।'

'ममता बनर्जी सैंकड़ों शाहजहां शेख को पोषित कर रहीं'

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 'हम संदेशखाली में जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और उनसे घटना की पूरी जानकारी लेंगे।' प्रतिनिधिमंडल की सदस्य और भाजपा सांसद कविता पाटीदार ने कहा 'एक तरफ केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही है और दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ हिंसा हो रही है। इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए।' केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक ने कहा कि ममता बनर्जी सैंकड़ों शेख शाहजहां को पोषित कर रही हैं। कल विधानसभा में भी उन्होंने उसका (शेख शाहजहां) बचाव किया। संदेशखाली जाना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है।

एनआईए से जांच की मांग

पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने संदेशखाली की घटना पर कहा कि 'जिन लोगों ने अत्याचार किए हैं, वो सामने आएंगे। इस मामले की जांच एनआईए को करनी चाहिए और दोषियों को मौत की सजा दी जाए। हम सुकांत मजूमदार पर हमले की भी निंदा करते हैं।'

उल्लेखनीय है कि संदेशखाली में स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाए हैं कि शाहजहां शेख और अन्य टीएमसी नेताओं ने उनकी जमीन पर कब्जा किया और कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया गया। महिलाओं ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। इसके बाद भाजपा ने भी संदेशखाली समेत कई जगहों पर टीएमसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बीते दिनों संदेशखाली में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार घायल हो गए थे। भाजपा लगातार संदेशखाली के मुद्दे पर टीएमसी और ममता सरकार को घेर रही है।

Suman Kaushik

Suman Kaushik

    Next Story