
हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले JJP को बड़ा झटका, 4 विधायकों ने दिया इस्तीफा
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी (JJP) को बड़ा झटका लगा है। जननायक जनता पार्टी के चार विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
पूर्व पंचायत मंत्री रहे टोहाना के विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अजय चौटाला को पत्र भेज सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। वहीं, कैथल के गुहला आरक्षित विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 में जजपा पार्टी से जीत दर्ज करने वाले ईश्वर सिंह ने भी पार्टी को अलविदा कह दिया है। उकलाना से विधायक और पूर्व मंत्री अनूप धानक ने जननायक जनता पार्टी के सभी दायित्वों व पदों से इस्तीफा दे दिया है। आज शाहबाद से विधायक रामकरण काला ने भी पार्टी छोड़ दी है।
बता दें कि चुनाव आयोग ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया है। यहां 90 सीटों पर एक अक्टूबर को चुनाव होगा। वहीं 4 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।