

सोनू सिंह
गाजियाबाद। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शुरुआत से बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस की डोली शर्मा को पछाड़कर 85682 वोट की बढ़त बनाई हुई है। माना जा रहा है कि गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग जीत दर्ज करने में कामयाब रहेंगे।
गाजियाबाद लोकसभा सीट भाजपा की पारंपरिक सीटों में से एक है। भाजपा ने इस बार अपना प्रत्याशी बदलते हुए शहर के विधायक अतुल गर्ग को अपना प्रत्याशी बनाया था। बता दें कि इससे पहले जरनल वीके सिंह गाजियाबाद लोकसभा सीट से लगातार 2014 और 2019 में दो बार सांसद रह चुके हैं। उन्हें केंद्र में मंत्री बनाया गया था लेकिन इस बार पार्टी हाई कमान ने कैंडिडेट बदलते हुए अपने शहर विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया था। अतुल गर्ग पार्टी हाई कमान के इस निर्णय पर खरे उतरे हैं। खबर लिखे जाने तक 10 राउंड की मतगणना के बाद अतुल गर्ग 274627 वोट पाकर पहले स्थान पर बने हुए हैं, जबकि गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा 188945 वोट पाकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है। अतुल गर्ग ने दसवें राउंड की मतगणना तक 85682 मतों से बढ़त बनाई हुई है।
बता दें कि तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर को 34519 वोट मिले हैं। गाजियाबाद लोकसभा सीट से कुल 14 प्रत्याशी मैदान में थे। भारतीय जनता पार्टी की परंपरागत सीटों में से एक गाजियाबाद लोकसभा सीट पर अतुल गर्ग की विजय मानी जा रही है। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रही है।