
चंपई सोरेन को 'हनी ट्रैप' में फंसाने की कोशिश: हिमंत बिस्व सरमा

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने झारखंड के मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन अभी भी झारखंड की कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। जब तक वे इस्तीफा नहीं दे देते हैं तब तक वह झारखंड में मंत्री रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कल पता चला कि वह जब दिल्ली गए थे तो उनको झारखंड के स्पेशल ब्रांच के दो एसआई ने फॉलो किया। कल शाम में इन दोनों को लोगों ने पकड़ा और दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। दिल्ली पुलिस को पूछताछ में पता चला कि आईजी प्रभात कुमार ने दोनों को इस काम पर लगाया था। प्रभात कुमार स्पेशल ब्रांच के ADGP भी हैं। अभी दोनों पुलिस हिरासत में हैं।
वहीं हिमंत बिस्व ने चंपई सोरेन के फोन टैप होने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि चंपई का फोन भी टैप किया जा रहा हो। उन्हें 'हनी ट्रैप' में फंसाने की योजना भी बनाई जा रही हो। 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होने की बात का जिक्र करते हुए दावा किया कि चंपई सोरेन की भाजपा के साथ बातचीत शुरू होने से पहले से ही निगरानी की जा रही थी।