Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

अरविंद केजरीवाल एक-दो दिन में खाली करेंगे सीएम आवास, यहां होगा नया ठिकाना

Neelu Keshari
2 Oct 2024 6:05 AM GMT
अरविंद केजरीवाल एक-दो दिन में खाली करेंगे सीएम आवास, यहां होगा नया ठिकाना
x

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नए घर की तलाश लगभग पूरी हो गई है। वह एक दो दिन में मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे। आम आदमी पार्टी के सूत्रों के अनुसार, वह नई दिल्ली में फिरोजशाह रोड पर स्थित दो बंगलों में से किसी एक में शिफ्ट हो सकते हैं। वह फिरोजशाह रोड पर बंगला नंबर 5 या 10 में शिफ्ट होंगे। बता दें कि केजरीवाल ने 17 सितंबर को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद कहा था कि वह श्राद्ध पक्ष समाप्त होने और नवरात्र शुरू होने के बाद दिल्ली मुख्यमंत्री का आवास छोड़ देंगे।

आम आदमी पार्टी के सूत्रों ने बताया कि अरविंद केजरीवाल के लिए पार्टी के कई विधायक, पार्षद और कार्यकर्ताओं ने अपना घर देने की पेशकश की थी। कई विकल्पों पर विचार किया गया। अब नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में आने वाले दो मकानों को चुनाव किया गया है, जो पार्टी के दो राज्यसभा सांसदों के नाम आवंटित है। अरविंद केजरीवाल बंगला नंबर 5 या 10 में शिफ्ट होंगे। बंगला नंबर 5 पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के पास है जबकि बंगला नंबर 10 दिल्ली से राज्यसभा सांसद एनडी गुप्ता है। केजरीवाल को इस पर अंतिम फैसला लेना है। वह पूरे परिवार के साथ नए घर में शिफ्ट होने जा रहे हैं।

गौरतलब है साल 2013 में पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वे मध्य दिल्ली के तिलक लेन स्थित घर में रहे। फरवरी 2015 के विधानसभा चुनाव में जीत और दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद वे उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में रहने चले गए, तब से वे यहीं रह रहे हैं।

Next Story