Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

इंदौर में आर्मी अफसर और उनकी महिला मित्र पर अज्ञात हमलावरों ने किया हमला, पहले लूटा फिर किया रेप!

Neelu Keshari
12 Sep 2024 7:55 AM GMT
इंदौर में आर्मी अफसर और उनकी महिला मित्र पर अज्ञात हमलावरों ने किया हमला, पहले लूटा फिर किया रेप!
x

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक युवा आर्मी अफसर और उसके महिला दोस्तों के साथ लूट और रेप का मामला सामने आया है। एफआईआर के मुताबिक, इंदौर के महू इन्फेंट्री स्कूल के एक युवा आर्मी अफसर और उसके दोस्त पर सात-आठ अज्ञात हमलावरों ने हमला किया और उनकी दो महिला मित्रों में से एक के साथ कथित तौर पर बलात्कार भी किया।

इंदौर ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने बताया कि कल पुलिस को सूचना मिली थी कि चार लोग देर रात आर्मी फायरिंग रेंज में आए थे। वहां दो लोगों की पिटाई की घटना हुई। बाकी दो लोगों से 10 लाख रुपए लाने को कहा गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी महिला मित्र को एक कोने में ले जाया गया और फिर उसने उसकी चीखें सुनीं। शिकायतकर्ता को संदेह है कि उसके साथ कुछ अनहोनी हुई होगी।

एसपी ने कहा कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें देखते ही आरोपी भाग निकले। पुलिस की 10 टीमों ने जांच की और पुलिस ने छह नामजद आरोपियों की पहचान की। उनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी चार को पकड़ने के प्रयास जारी हैं, उन्हें जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा। महिलाओं का बयान दर्ज होना बाकी है, बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना पर एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है। भाजपा शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है- और, महिलाओं के खिलाफ दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर भाजपा सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक।

उन्होंने कहा अपराधियों की ये निर्भीकता प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है और इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। समाज और सरकार दोनों शर्मिंदा हों और गंभीरता से विचार करें - देश की आधी आबादी की रक्षा की ज़िम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे।

Next Story