Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

रुझानों में उलट फेर के बीच बयानबाजी और दावों का दौर जारी! जानें जम्मू कश्मीर और हरियाणा के अब तक के नतीजों पर किस नेता ने क्या कहा...

Neelu Keshari
8 Oct 2024 6:24 AM GMT
रुझानों में उलट फेर के बीच बयानबाजी और दावों का दौर जारी! जानें जम्मू कश्मीर और हरियाणा के अब तक के नतीजों पर किस नेता ने क्या कहा...
x

नई दिल्ली। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती की जा रही है। इसी के साथ आज तय हो जाएगा कि कहां किसकी सरकार बनने जा रही है। चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों में दोनों राज्यों में भाजपा और कांग्रेस गठबंधन में कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बीच अलग-अलग पार्टियों के तमाम नेता अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टी ने अपनी-अपनी जीत के दावा किए हैं। आइए जानते हैं कि किस नेता ने क्या कहा-

तीसरी बार लगातार भाजपा जीत रही है: गौरव भाटिया

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि लोकतंत्र की जीत हो गई है। यह उस रॉकेट को करारा जवाब है जो लॉन्च नहीं होता है लेकिन कहता है कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है। हरियाणा ने दिखा दिया है कि जलेबी फैक्ट्री में नहीं बनती है, मेहनती हलवाई की दुकान में बनती है। हम इंतजार कर रहे हैं कि ये रुझान परिणाम में परिवर्तित हों। तीसरी बार लगातार भाजपा जीत रही है और कांग्रेस पार्टी हिट विकेट हो रही है।

चिराग पासवान बोले- जनता का प्रधानमंत्री और भाजपा पर भरोसा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि रुझान अभी आने शुरू हुए हैं। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह से भाजपा ने दोनों जगहों पर मेहनत की है और जिस तरह से हरियाणा में भाजपा का 10 साल का कार्यकाल रहा है, मैं मानता हूं कि जनता का प्रधानमंत्री और भाजपा पर भरोसा है। मुझे उम्मीद है कि शाम तक जो नतीजे आएंगे, वो वैसे ही होंगे, जैसी हम उम्मीद कर रहे हैं।

हमारा वोट शेयर भाजपा से काफी आगे है: सुप्रिया श्रीनेत

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि यह तस्वीर अभी बहुत जल्दी पलटेगी और तस्वीर पलटने में देर नहीं लगेगी। हमारे लिए हरियाणा और जम्मू-कश्मीर से अच्छी खबर आ रही है। बहुत देर से मैं चुनाव आयोग की वेबसाइट देख रही हूं वहां पर डेटा अभी बदल नहीं रहा है। हमारा वोट शेयर भाजपा से काफी आगे है और यह सीटों में जरूर तब्दील होगा। जो ग्राउंड रिपोर्ट आ रही हैं उसमें हम आगे हैं।

मृत्युंजय तिवारी बोले- INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि दोनों राज्यों से भाजपा का सफाया तय है। आज रुझानों में काटे की टक्कर दिखाई जा रही है लेकिन वोट प्रतिशत में कांग्रेस पार्टी हरियाणा में आगे है। अभी बहुत राउंड की गिनती आगे है। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी बहुमत से सरकार बनाएगी, भाजपा का सूपड़ा साफ होगा, ऐसा हमें विश्वास है। वहां(जम्मू-कश्मीर) भी भाजपा का सफाया होना है। दोनों राज्यों में भाजपा बाहर होगी और INDIA गठबंधन और कांग्रेस की सरकार बनेगी।

हमें अंतिम परिणाम का इंतजार करना चाहिए: शशि थरुर

कांग्रेस सांसद शशि थरुर ने कहा कि अभी तो यह केवल बढ़त है, इसलिए मुझे लगता है कि हमें निष्कर्ष निकालना और विश्लेषण करना बंद कर देना चाहिए। हमें इंतजार करके देखना चाहिए। हमें अभी जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। फिलहाल वे(भाजपा) अधिकांश सीटों पर आगे चल रहे हैं, जो वाकई आश्चर्यजनक है। ईमानदारी से कहें तो हमें अंतिम परिणाम का इंतजार करना चाहिए।

शिवसेना नेता संजय राउत बोले- भाजपा महाराष्ट्र और झारखंड में भी हारेगी

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि जब तक नतीजे नहीं आ जाते (हरियाणा में) अनिश्चितता बनी रहेगी। जहां भाजपा की सरकार है, वहां ऐसी ही स्थिति (अनिश्चितता) रहेगी। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्होंने अपनी जीत के लिए सारे इंतजाम कर लिए हैं। हम इंतजाम देखेंगे। हालांकि, हरियाणा में भाजपा के खिलाफ लहर है। मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में अपनी सरकार बनाएगी। भाजपा महाराष्ट्र और झारखंड में भी हारेगी।

उमर अब्दुल्ला बोले- जनादेश के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए

जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और गांदरबल और बडगाम विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा। पारदर्शिता होनी चाहिए। जनादेश के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। अगर जनादेश भाजपा के खिलाफ आता है तो भाजपा को कोई जुगाड़ या ऐसी कोई हरकत नहीं करनी चाहिए। हमने गठबंधन इसलिए किया कि चुनाव में कामयाबी मिले और हमें कामयाबी की उम्मीद है।

Next Story