Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

विपक्ष के बहिष्कार के बाद बोलते रहे मोदी, राहुल पर किया हमला! जानें किन-किन मुद्दों पर क्या बोले

Tripada Dwivedi
3 July 2024 9:06 AM GMT
विपक्ष के बहिष्कार के बाद बोलते रहे मोदी, राहुल पर किया हमला! जानें किन-किन मुद्दों पर क्या बोले
x

नई दिल्ली। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा को संबोधित किया। मोदी ने कल लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया था। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला किए। मोदी ने राहुल गांधी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस फर्जी जीत का जश्न मना रही है उसे आत्ममंथन करना चाहिए।

विपक्ष सदन छोड़कर नहीं गए हैं बल्कि मर्यादा छोड़कर गए

राज्यसभा में जब पीएम मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे तो विपक्षी सांसदों ने विरोध किया, नारे लगाए और वॉकआउट किया। विपक्षी सांसदों का कहना है कि विपक्ष के नेता को बोलने की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें इसकी अनुमति दी जानी चाहिए। इस पर सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि मैंने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बिना रोक-टोक बोलने का अवसर दिया। आज वह सदन छोड़कर नहीं गए हैं बल्कि मर्यादा छोड़कर गए हैं। उन्होंने मुझे पीठ नहीं दिखाई है बल्कि संविधान को पीठ दिखाई है। भारत के संविधान की इससे बड़ी अपमानित बात नहीं हो सकती है।

विपक्ष को नारेबाजी, होहल्ला और मैदान छोड़कर चला जाना ही उनके नसीब में लिखा है

पीएम मोदी ने कहा कि देश देख रहा है कि झूठ फैलाने वालों की सत्य सुनने की ताकत भी नहीं होती है। जिनका सत्य से मुकाबला करना और उससे लड़ने के हौसले नहीं है वो बैठकर उठाए गए सवालों को सुनने की हिम्मत भी नहीं दिखा रहे हैं। ये उच्च सदन का अपमान कर रहे हैं। देश की जनता ने उन्हें इतना पराजित किया है कि उनके पास गली-मोहल्लों में चिल्लाने के अलावा कुछ बचा नहीं है। नारेबाजी, होहल्ला और मैदान छोड़कर चला जाना उनके नसीब में लिखा हुआ है।

कांग्रेस के राज में किसानों को गुमराह किया गया

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में किसानों की कर्जमाफी की बात हुई लेकिन किसानों को सिर्फ गुमराह किया गया। कांग्रेस के समय में छोटे किसानों को कोई फायदा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ 10 करोड़ किसानों को हुआ। किसानों को 3 लाख करोड़ रुपये दिए गए।

देश के किसान, युवा, गरीब और नारी शक्ति भारत के चार प्रमुख स्तंभ

पीएम मोदी ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि भारत की विकास यात्रा में चार प्रमुख स्तंभ हैं। हमारे देश के किसान, युवा, गरीब और नारी शक्ति हैं। हमने हमारा फोकस रेखांकित किया है। पिछले 10 साल से हमारा कृषि सेक्टर लाभकारी रहा है। किसानों को उनकी लागत दी गई है। किसानों को फसल बीमा का लाभ दिया गया है। एमएसपी पर पुराने सभी लक्ष्य तोड़ दिए गए हैं। इस दौरान एलओपी-एलओपी के नारे लगाए गए हैं। अगले पांच साल बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति सुनिश्चित करने और गरीबी के खिलाफ लड़ाई के लिए हैं। अगले पांच साल में यह देश गरीबी के खिलाफ विजयी होगा और मैं यह बात पिछले 10 वर्षों के अनुभव के आधार पर कह रहा हूं। जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा तो इसका असर जीवन के हर क्षेत्र पर पड़ेगा। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने एलओपी को बोलने दो के नारे लगाए।

मण‍िपुर में ह‍िंसा की घटनाएं लगातार कम होती जा रही है

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर में हिंसा की कुछ घटनाएं घटी हैं। वहीं 11 हजार एफआईआर और 500 से ज्‍यादा लोग अरेस्‍ट हुए हैं। इस बात को भी स्‍वीकार करना होगा कि मण‍िपुर में ह‍िंसा की घटनाएं लगातार कम होती जा रही है। शांत‍ि पर आशा रखना संभव हो रहा है। मण‍िपुर के अधिकांश ह‍िस्‍सों में स्‍कूल चल रहे हैं, दफ्तर चल रहे हैं और एग्‍जाम भी हुए हैं। मण‍िपुर में संघर्ष की मानस‍िकता बहुत गहरी है कोई भूल नहीं सकता है। मण‍िपुर में इस वजह से ही 10 बार राष्‍ट्रपत‍ि शासन लगाना पड़ा है। मण‍िपुर से फ‍िर भी राज‍नीत‍िक फायदा उठाने की कोश‍िश की जा रही है। 1993 में ऐसी ही घटनाओं का क्रम चला था और इतना व्‍यापक चला था क‍ि वह 5 साल लगातार चला था।

हमने पिछले पांच साल में जितना काम किया उतना कांग्रेस को 20 साल लग जाते

हमने पिछले पांच साल में जितना काम किया है उतना काम करना होता तो कांग्रेस को 20 साल लग जाते। नॉर्थईस्ट में स्थायी शांति के लिए 10 साल निरंतर प्रयास किए गए हैं। बिना रुके बिना थके प्रयास किए गए हैं। उसकी चर्चा देश में कम हुई है लेकिन परिणाम व्यापक रहे हैं। आतंकी घटनाओं में 10 साल में गिरावट आई है। आतंक और अलगाव खत्म हो रहा और इस लड़ाई में जम्मू-कश्मीर के नागरिक नेतृत्व कर रहे हैं। आज वहां टूरिज्म नए रिकॉर्ड बना रहा है। वहा पर निवेश भी बढ़ रहा है।

आम आदमी के भरोसा का परिणाम है कि तीसरी बार यहां बैठा हूं

हमने 2014 में जब सरकार बनाई तब हमने कहा था कि हमारी सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम करेगी। हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करेगी, कालेधन पर वार करेगी। हम गरीब कल्याण की योजनाएं चला रहे हैं। हमने कालेधन के खिलाफ कानून बनाया। हमने डीबीटी शुरू किया। हमने डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया। लीकेज दूर किया और आज एक नया पैसा लीक नहीं होता है। जब आम आदमी तक योजनाएं पहुंचती हैं तब उसका लोकतंत्र में भरोसा बढ़ता है और इसी का परिणाम है कि तीसरी बार यहां बैठा हूं।

Next Story