
अमेरिका की तरफ से लगे आरोपों के बाद अदाणी ने दी अपनी प्रतिक्रिया! जानें आरोपों को निराधार बताने के पीछे क्या दिया तर्क?

नई दिल्ली। अरबपति गौतम अदाणी पर अमेरिका द्वारा लगे आरोपो के बाद अदाणी ग्रुप की ओर पहली प्रतिक्रिया आई है। बता दें सौर ऊर्जा अनुबंध रिश्वत मामले में अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी और उनकी कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी के डायरेक्टर्स के खिलाफ अमेरिकी न्याय विभाग ने आरोप लगाया है।
अदाणी ग्रुप के प्रवक्ता ने कहा कि ये सभी आरोप निराधार हैं। जैसा कि अमेरिकी न्याय विभाग ने स्वयं कहा है कि अभियोग में लगाए गए आरोप फिलहाल आरोप हैं और जब तक दोषी साबित नहीं हो जाते, तब तक शामिल लोगों को निर्दोष माना जाता है। ग्रुप की ओर से कहा गया है कि सभी संभव कानूनी उपाय किए जाएंगे।
इसके साथ ही शेयरधारकों को भरोसा दिलाते हुए स्टेटमेंट में कहा गया है कि अदाणी ग्रुप ने हमेशा सभी सेक्टर्स में पारदर्शिता और रेग्युलेटरी नियमों का अनुपालन किया है और करता रहेगा। हम अपने शेयरहोल्डर्स, पार्टनर और समूह की कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को आश्वस्त करते हैं कि हम एक कानून का पालन करने वाले संगठन हैं, जो सभी कानूनों का पूरी तरह से अनुपालन करता है।