
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- बरेली में सामने आया...
बरेली में सामने आया मेरठ जैसा हत्याकांड, पत्नी ने कर दी सारी हदें पार

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय रेखा ने अपने पति केहर सिंह को रविवार रात चाय में चूहामार जहर मिलाकर पिलाया। इसके बाद उसने अपने प्रेमी पिंटू को घर बुलाया और दोनों ने मिलकर केहर सिंह का गला रस्सी से दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
अगली सुबह रेखा ने जोर-जोर से रोना शुरू किया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि केहर सिंह की मौत गला दबाने से हुई थी।
उत्तर क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई अशोक सिंह की शिकायत पर रेखा और उसके प्रेमी पिंटू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, केहर सिंह फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के पद पर संविदा के आधार पर कार्यरत थे। पिछले एक साल से रेखा और केहर सिंह के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर झगड़े हो रहे थे।
अशोक सिंह ने बताया कि उनके भाई को रेखा और पिंटू के बीच संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद रेखा और पिंटू ने मिलकर साजिश रची और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस पूछताछ में रेखा ने शुरुआत में सच छिपाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने पति को जहर देने और हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने बताया कि जहरीले पदार्थ की पुष्टि के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।