
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- दिल्ली में शपथ ग्रहण...
दिल्ली में शपथ ग्रहण समारोह 19-20 फरवरी को हो सकता है, पीएम मोदी अमेरिका से हुए रवाना

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को 70 सीटों पर संपन्न हुआ था। 8 फरवरी को मतगणना का परिणाम आया था, जिसमें 48 सीटें भारतीय जनता पार्टी को मिली थी। इस बीच 8 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित किया था। वे अगले दिन फ्रांस और अमेरिका दौरे पर रवाना हो गए थे।
इसके बाद यह कहा गया था कि मोदी के भारत लौटने पर शपथ ग्रहण समारोह होगा। अब पीएम मोदी अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। वह आज रात भारत पहुंचेंगे। उनके पहुंचने की खबर के साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख को लेकर पार्टी गलियारे में हलचल मच गई है। भाजपा सूत्रों की मानें तो 19-20 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह संभावित है। इससे पहले 17-18 फरवरी को विधायक दल की बैठक हो सकती है। इस बैठक में विधायक दल के नेता चुने जाएंगे जो मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे।
जहां तक मुख्यमंत्री के नाम की बात है तो अभी यह तय नहीं हुआ है। कई दिग्गज मुख्यमंत्री बनने की कतार में है, लेकिन कोई नाम अब तक फाइनल नहीं हुआ है। फिलहाल इसके लिए इंतजार करना होगा। उधर, भाजपा सूत्रों से एक और खबर सामने आई है कि दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक का नाम बदला जाएगा। अब इसका नाम आयुष्मान आरोग्य मंदिर रखा जाएगा।