Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

40 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा, धूप में निकलने से बचें, कल-परसों में मिल सकती है राहत

Aryan
9 April 2025 8:18 AM IST
40 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा, धूप में निकलने से बचें, कल-परसों में मिल सकती है राहत
x

नई दिल्ली दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच गया है। दोपहर के समय तपती धूप में निकलने से लोग बच रहे हैं। सबसे ज्यादा समस्या दोपहर में खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को हो रही है। तेज गर्मी होने पर पानी और गन्ने के जूस का कारोबार करने वालों की ज्यादा आमदनी हो रही है।

आठ अप्रैल का दिन दिल्ली में पिछले तीन सालों में सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री बढ़ कर 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गुरुवार और शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदलेगा। दिल्ली समेत कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे, तेज हवा चलने के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है।

पंजाब में बटिंडा और फरीदकोट में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार गुजरात, राजस्थान,महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में स्थित 27 केंद्रों पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के बराबर या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। इनमें से 19 स्थानों पर भी चली। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन लू चली। इस वजह से गर्म हवा के थपेड़े महसूस किए गए। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी कर लू चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। राजस्थान में अप्रैल के महीने में ही जून जैसी गर्मी के कारण जन जीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। पंजाब मे भी मौसम विभाग के अनुसार बुधवार दोपहर को कई जिलों में लू चल सकती है।

Next Story