
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- कैटी पेरी और लॉरेन...
कैटी पेरी और लॉरेन सांचेज समेत छह महिलाओं का ब्लू ओरिजिन के साथ ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन, जानें कब भरेगा उड़ान

नई दिल्ली (राशी सिंह)। अंतरिक्ष पर्यटन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, अमेजन के सह-संस्थापक जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन अपने पहले ऑल-वुमन सबऑर्बिटल मिशन के लिए तैयार है। इस उड़ान में छह प्रभावशाली महिलाएं शामिल हैं, जिनमें पॉप स्टार कैटी पेरी, जेफ बेजोस की मंगेतर और मिशन की अगुआई कर रहीं लॉरेन सांचेज, पत्रकार और टीवी होस्ट गेल किंग, नागरिक अधिकार कार्यकर्ता अमांडा गुयेन, फिल्म निर्माता केरियन फ्लिन और नासा की पूर्व रॉकेट वैज्ञानिक आइशा बोवे शामिल हैं।
यह ऐतिहासिक मिशन ब्लू ओरिजिन के न्यू शेपर्ड रॉकेट के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसे NS-31 नाम दिया गया है। यह मिशन टेक्सास के वैन हॉर्न स्थित लॉन्च साइट से सोमवार सुबह 8:30 CDT (शाम 7:00 IST) पर उड़ान भरेगा और करीब 11 मिनट की सबऑर्बिटल यात्रा पूरी करेगा।
मिशन की खास बातें
यह 60 वर्षों में पहली बार होगा जब कोई पूरी तरह महिला दल अंतरिक्ष में जाएगा। इससे पहले, 1963 में रूस की वैलेंटिना टेरेश्कोवा अकेली महिला के तौर पर अंतरिक्ष में गई थीं। रॉकेट उड़ान के दौरान पृथ्वी से लगभग 100 किलोमीटर ऊपर, कार्मन रेखा को पार करेगा, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरिक्ष की सीमा माना जाता है। अंतरिक्ष में महिलाएं करीब चार मिनट तक भारहीनता का अनुभव करेंगी और बड़े खिड़कियों वाले कैप्सूल से पृथ्वी और अंतरिक्ष के नजारे देख सकेंगी। वापसी में कैप्सूल तीन बड़े पैराशूटों की मदद से सुरक्षित तरीके से पृथ्वी पर उतरेगा।
चालक दल की प्रेरणादायक कहानियां
लॉरेन सांचेज ने कहा कि उन्होंने अपने क्रू सदस्यों का चयन इस आधार पर किया कि वे "दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता रखते हैं।" सांचेज खुद एक लाइसेंस प्राप्त पायलट और पुरस्कार विजेता पत्रकार रही हैं।
कैटी पेरी, जो अब तक की सबसे ज्यादा बिकने वाली संगीत कलाकारों में से एक हैं, ने बताया कि वह करीब 20 वर्षों से अंतरिक्ष में जाने का सपना देख रही थीं। जब ब्लू ओरिजिन ने पहली बार वाणिज्यिक यात्रा की बात की थी, तब मैंने सोचा था, 'मुझे साइन अप करें! पेरी ने एल्ले पत्रिका से बातचीत में कहा।
गेल किंग, जो CBS मॉर्निंग्स की सह-होस्ट हैं, ने इस आमंत्रण को पहले नकार दिया था, लेकिन बाद में खुद को तैयार किया। उन्होंने कहा, "मुझे अभी भी घबराहट हो रही है, लेकिन यह एक असाधारण अनुभव होने वाला है।"
अमांडा गुयेन, एक बायोएस्ट्रोनॉटिक्स वैज्ञानिक और यौन उत्पीड़न पीड़ितों की सशक्त वकील हैं, जिन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए भी नामांकित किया जा चुका है।
आइशा बोवे, जो नासा की पूर्व रॉकेट वैज्ञानिक और STEMBoard की संस्थापक हैं, मिशन में तकनीकी शक्ति का प्रतिनिधित्व करती हैं।
ब्लू ओरिजिन की ‘जॉयराइड्स’
ब्लू ओरिजिन की यह 11वीं मानवयुक्त उड़ान है। कंपनी 2021 से अब तक 52 लोगों को अंतरिक्ष की सीमाओं तक ले जा चुकी है। इनमें "स्टार ट्रेक" के अभिनेता विलियम शैटनर भी शामिल थे, जो 90 वर्ष की उम्र में अंतरिक्ष जाने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति बने। शैटनर ने बताया था कि अंतरिक्ष का अंधकार उन्हें बेहद भावुक कर गया।
इस मिशन की लाइव स्ट्रीमिंग ब्लू ओरिजिन के एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर की जाएगी। इसका प्रसारण चारिसा थॉम्पसन, क्रिस्टिन फिशर और एरियन कॉर्नेल द्वारा होस्ट किया जाएगा।
यह उड़ान न केवल अंतरिक्ष पर्यटन में एक नया अध्याय लिख रही है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और समानता की दिशा में भी एक प्रतीकात्मक कदम मानी जा रही है।