Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

पुतिन का भारत दौरा: यूक्रेन युद्ध, वैश्विक हालात पर चर्चा की संभावना, ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद बने नए राजनीतिक समीकरणों पर भी हो सकती है बात

DeskNoida
27 March 2025 9:56 PM IST
पुतिन का भारत दौरा: यूक्रेन युद्ध, वैश्विक हालात पर चर्चा की संभावना, ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद बने नए राजनीतिक समीकरणों पर भी हो सकती है बात
x
यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले साल मास्को यात्रा के दौरान दिए गए निमंत्रण के जवाब में होगा। यह पहली बार होगा जब पुतिन 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारत आएंगे।

रूस ने गुरुवार को पुष्टि की कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत का दौरा करेंगे। यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले साल मास्को यात्रा के दौरान दिए गए निमंत्रण के जवाब में होगा। यह पहली बार होगा जब पुतिन 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारत आएंगे।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि पुतिन की भारत यात्रा की तैयारियां चल रही हैं, हालांकि उन्होंने किसी तारीख का खुलासा नहीं किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन ने भारतीय प्रधानमंत्री के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। लावरोव ने यह भी कहा कि पीएम मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पहली विदेश यात्रा रूस थी, और अब रूस की बारी है।

इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध और वैश्विक हालात को लेकर चर्चा होने की संभावना है, खासकर अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद बने नए राजनीतिक समीकरणों पर भी बात हो सकती है।

भारत ने अब तक यूक्रेन युद्ध को लेकर तटस्थ रुख अपनाया है। हालांकि, पीएम मोदी कई मौकों पर पुतिन से कह चुके हैं कि यह युद्ध का समय नहीं है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में रूस के खिलाफ प्रस्तावों पर मतदान से दूरी बनाए रखी और सार्वजनिक रूप से पुतिन की आलोचना नहीं की।

साल 2024 में पीएम मोदी उन चुनिंदा नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने रूस और यूक्रेन दोनों की यात्रा की। उन्होंने कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए कज़ान भी गए।

पिछले साल मास्को में 22वें रूस-भारत शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की करीबी चर्चा में रही। दोनों नेताओं की गर्मजोशी से मुलाकात की तस्वीरें सामने आई थीं, जिसमें वे हाथ मिलाते और एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए। इस दौरान दोनों ने साथ में चाय पी, घुड़सवारी का आनंद लिया और पुतिन ने पीएम मोदी को अपने आवास में गोल्फ कार्ट में घुमाया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं।

भारत और रूस दशकों से करीबी साझेदार रहे हैं। रूस भारत के लिए रक्षा उपकरणों का प्रमुख आपूर्तिकर्ता है। वहीं, यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी प्रतिबंधों का सामना कर रहे रूस ने भारत को रियायती दरों पर कच्चा तेल उपलब्ध कराया। पीएम मोदी की पिछली रूस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक बढ़ाने पर सहमति जताई थी।

Next Story