
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- पीएम मोदी जा सकते हैं...
पीएम मोदी जा सकते हैं रूस, 80वीं ग्रेट पैट्रियोटिक वॉर परेड में बतौर अतिथि होंगे शामिल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मई में रूस का दौरा कर सकते हैं। दरअसल रूसी मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। बता दें पीएम मोदी मॉस्को के रेड स्कवायर पर आयोजित होने वाली 80वीं ग्रेट पैट्रियोटिक वॉर (महान देशभक्ति युद्ध) परेड में बतौर अतिथि शामिल होंगे। वहीं इस परेड में भारतीय सेना का एक दल भी शामिल हो सकता है। मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना का दल परेड से एक महीने पहले ही रूस जा सकता है ताकि परेड की रिहर्सल कर सके।
किस युद्ध को कहते हैं ग्रेट पैट्रियोटिक वॉर
हालांकि पीएम मोदी के अलावा कई अन्य देशों के राष्ट्र प्रमुख भी ग्रेट पैट्रियोटिक वॉर परेड में बतौर अतिथि शामिल हो सकते हैं। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावारोव ने कहा है कि कई आमंत्रित देशों ने 9 मई को होने वाली परेड में आने की पुष्टि कर दी है। कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों को परेड में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान रूस और नाजी जर्मनी के बीच लड़े गए युद्ध को ग्रेट पैट्रियोटिक वॉर (महान देशभक्ति युद्ध) के नाम से जाना जाता है। यह युद्ध 22 जून 1941 से 9 मई 1945 तक चला था। यह मानव इतिहास के सबसे बड़े और खूनी युद्धों में से एक माना जाता है। हालांकि इससे पहले पीएम मोदी रूस की अध्यक्षता में हुए 16वें ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल हुए थे। वहीं पीएम मोदी अगर मई में रूस जाते हैं तो उनका ये दौरा ऐसे समय होगा, जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत हो रही है। दोनों देशों के बीच पहले चरण की बात इसी महीने सऊदी अरब के शहर रियाद में हुई है जबकि पीएम मोदी ने पहले ही रूस और यूक्रेन के बीच शांति की अपील की थी।