
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- जीत से गदगद मोदी बोले-...
जीत से गदगद मोदी बोले- दिल्ली के लोगों ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट-सर्किट कर दिया

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है और 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत यमुना मैया के जयकारे से की और कहा कि मैंने दिल्ली से अपील की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। मैं सिर झुकाकर मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए दिल्लीवासियों को नमन करता हूं।
'आप-दा' को दिल्ली से बाहर निकाला – पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों के मन में उत्साह और राहत है क्योंकि अब राजधानी को 'आप-दा' से मुक्ति मिल गई है। पीएम मोदी ने अपनी जीत को दिल्ली की जनता की विकास, विजन और विश्वास की जीत करार दिया। आज की जीत ऐतिहासिक है। यह कोई साधारण जीत नहीं है। दिल्ली की जनता ने 'आप-दा' को बाहर निकाल दिया है। आज दिखावटीपन, अराजकता, अहंकार और भ्रष्टाचार की हार हुई है।
'दिल्ली की जनता ने झूठ और शॉर्टकट की राजनीति को नकारा'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह शॉर्टकट और झूठ की राजनीति पर जनता का करारा जवाब है। दिल्ली के लोगों ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट-सर्किट कर दिया। दिल्ली के असली मालिक दिल्ली के लोग ही हैं। जो लोग खुद को दिल्ली का मालिक समझते थे, उनका सच सामने आ गया है।
'21वीं सदी के युवा पहली बार भाजपा का सुशासन देखेंगे'
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के दिल में दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की पीड़ा थी और अब जनता ने उन्हें यह मौका दे दिया है। आज के नतीजे दिखाते हैं कि देश को भाजपा की डबल इंजन सरकार पर कितना भरोसा है।
'हर भाषा, हर वर्ग ने भाजपा को वोट दिया'
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा जहां कमल न खिला हो। दिल्ली 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की सोच को जीती है। हर भाषा, हर समुदाय के लोगों ने भाजपा को वोट दिया है। उन्होंने खास तौर पर पूर्वांचल के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा मैं गर्व से कहता हूं कि मैं पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल के लोगों ने इस रिश्ते को प्यार और विश्वास दिया है, इसके लिए मैं उनका विशेष आभार व्यक्त करता हूं।
जहां एनडीए है वहां सुशासन है
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली की युवा पीढ़ी 21वीं सदी में पहली बार दिल्ली में बीजेपी का पूर्ण शासन देखेगी। बीजेपी की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है। ये नतीजों से पता चल रहा है। हमने लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में इतिहास रच दिया। दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है ये मिनी इंडिया है। मैं दिल्ली में जहां भी गया, वहां गर्व से कहता था कि मैं पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल के लोगों ने इस रिश्ते को प्यार-विश्वास की नई ताकत दे दी। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति और टकराव ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है, आज दिल्ली के विकास के सामने से बड़ी रुकावट दिल्लीवालों ने दूर कर दी है। इन 'आप-दा' वालों ने झुग्गीवालों को घर देने से रोका, अब दिल्ली ने साफ संदेश दिया है। देश तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण के साथ है। हम पूरी गंभीरता से धरातल पर रहकर काम करेंगे। हम दिल्ली के लोगों की सेवा में दिन-रात एक कर देने वाले लोग हैं। पूरा देश जानता है कि जहां एनडीए है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है।