Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

उत्तराखंड हिमस्खलन में एक मजदूर की मौत, 2-3 की हालत गंभीर, 6 अब भी लापता

Tripada Dwivedi
1 March 2025 2:17 PM IST
उत्तराखंड हिमस्खलन में एक मजदूर की मौत, 2-3 की हालत गंभीर, 6 अब भी लापता
x

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के माणा में हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र का आज शनिवार को दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। आईटीबीपी कमांडेंट विजय कुमार पी ने बताया कि अब तक 47 लोगों को बचाया गया है, जबकि 6 लोग लापता हैं। दुर्भाग्य से एक घायल व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है और कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है, 2-3 लोगों को फ्रैक्चर और सिर में चोटें आई हैं। घायलों को निकालने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।

क्षेत्र में बिजली और इंटरनेट प्रभावित

लगातार हो रही बर्फबारी से क्षेत्र के पांच से अधिक ब्लॉकों में बिजली और इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गई हैं। सरकार जल्द से जल्द कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए काम कर रही है। बचाव कार्य के लिए 200 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है और 23 से अधिक लोगों को इलाज के लिए जोशीमठ ले जाया गया है।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पूरा सहयोग कर रही है।

बर्फबारी से अलकनंदा नदी का प्रवाह प्रभावित

भारी बर्फबारी के चलते अलकनंदा नदी का प्रवाह लगभग रुक गया है। प्रशासन ने ऊंचाई वाले इलाकों में काम कर रहे लोगों को सतर्क रहने और अत्यधिक आवश्यक न होने पर काम रोकने के निर्देश दिए हैं। बता दें, कि बचाव अभियान लगातार शुक्रवार से जारी है और प्रशासन हरसंभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Story