
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- नीतीश कैबिनेट का होगा...
नीतीश कैबिनेट का होगा विस्तार, बीजेपी अध्यक्ष ने छोड़ा पद, जानें मंत्रियों को बनाए जाने के पीछे कैसे फिट की जाएगी कास्ट केमिस्ट्री!

पटना। नीतीश सरकार कैबिनेट के विस्तार की तैयारी में जुट गई है। वहीं बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाला है। मिली जानकारी के अनुसार बजट सत्र से पहले बिहार में कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। 5 से 6 नए चेहरों को नीतीश मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। दूसरी ओर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। दरअसल, बीजेपी में पार्टी के संविधान के तहत एक नेता एक पद का सिद्धांत है। यानी एक व्यक्ति एक से अधिक पदों पर नहीं रह सकता है। जिस तरह सम्राट चौधरी जब उपमुख्यमंत्री बने थे तो उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ा था। उसी तरह दिलीप जायसवाल से भी विभाग लिया जा सकता है।
बिहार में फिलहाल कैबिनेट के अंदर 30 मंत्री
दरअसल विधानसभा चुनाव को देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार होगा। मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट विस्तार होगा तो अगड़ी जाति से दो मंत्री बन सकते हैं। राजपूत और भूमिहार जाति से एक-एक मंत्री बनाए जाने की संभावना है। वहीं अति पिछड़ा से दो लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। तेली जाति से एक मंत्री बनना लगभग तय है। पिछड़ा समाज से भी एक मंत्री बन सकता है। बता दें कि बिहार में फिलहाल कैबिनेट के अंदर 30 मंत्री हैं। कुल 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। खबर है कि बीजेपी कोटे से 3-4 और जेडीयू कोटे से 2-3 नए मंत्री कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं।