
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- Mann Ki Baat: ‘पहलगाम...
Mann Ki Baat: ‘पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा...’ मन की बात में बोले पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम को संबोधित किया। यह है उनके कार्यक्रम का 121वां एपिसोड है। पीएम मोदी ने अपने कार्यक्रम में पहलगाम हमले पर चर्चा की और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की बात दोहराई।
जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह रास नहीं आया- मोदी
‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब मैं आपसे मन की बात कर रहा हूं तो मन में गहरी पीड़ा है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी वारदात ने हर नागरिक को दुख पहुंचा है। पीड़ित परिवारों के प्रति हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है। भले वह किसी भी राज्य का हो, वह कोई भी भाषा बोलते हो, लेकिन वह उन लोगों के दर्द को महसूस कर रहा है जिन्होंने इस हमले में अपने परिजनों को खोया है। मुझे एहसास है हर भारतीय का खून आतंकी हमले की तस्वीरों को देखकर खोल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि पहलगाम में हुआ यह हमला आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेज में एक वाइब्रेंसी थी, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह रास नहीं आया।
पीड़ित परिवारों को दिलाया न्याय का भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकी और आतंक के आका चाहते हैं कश्मीर फिर से तबाह हो जाए और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया। आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता, 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही एकता आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है। हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि पूरा विश्व आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में, 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है। मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा। इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा।
इसके अलावा पीएम मोदी ने इसरो के वैज्ञानिक डॉक्टर के. कस्तूरीरंगन की मृत्यु पर भी दुख जताया। साथ ही भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में उनके योगदान की सराहना की।