
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- अमेरिका में पढ़ रहे...
अमेरिका में पढ़ रहे हैं तो वहीं के कानून का करें पालन... जानें विदेश मंत्रालय ने क्यों की भारतीय छात्रों से यह अपील

नई दिल्ली। अमेरिका में ट्रंप की सरकार आते ही लगातार एक्शन लिया जा रहा है। भारतीय छात्र को डिपोर्ट किया गया था। वहीं इस मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों को स्थानीय कानूनों का पालन करना चाहिए।
बता दें कि हाल ही में हमास के समर्थन के आरोप में अमेरिका के जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में पढ़ रहे एक भारतीय छात्र बदर खान सूरी को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद कोलंबिया विश्वविद्यालय में पढ़ रही भारतीय छात्रा रंजनी श्रीनिवासन के वीजा को रद कर दिया गया। इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों भारतीयों ने सहायता के लिए अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क नहीं किया है।
हमास के दुष्प्रचार को बढ़ावा देने का लगा आरोप
दरअसल, अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा विभाग ने वॉशिंगटन डीसी स्थित जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय के पोस्टडॉक्टरल फेलो बदर खान सूरी को गिरफ्तार किया था। उन पर हमास के दुष्प्रचार को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं। अमेरिकी संघीय न्यायाधीश ने सूरी के निर्वासन पर फिलहाल रोक लगा दी है।
स्थानीय नियमों और कानूनों का पालन करें
हालांकि, विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया कि वीजा और आव्रजन नीतियों पर निर्णय लेना प्रत्येक देश का संप्रभु अधिकार है और वहां रह रहे सभी लोगों को इन कानूनों का पालन करना चाहिए। वहीं जायसवाल ने आगे कहा कि जब वीजा और आव्रजन नीति की बात आती है, तो यह संबंधित देश की नीति के अनुसार तय होता है। हम उम्मीद करते हैं कि जब विदेशी नागरिक भारत आते हैं, तो वे हमारे कानूनों का पालन करते हैं। इसी प्रकार जब भारतीय नागरिक विदेश में होते हैं, तो उनसे भी यह अपेक्षा की जाती है कि वे वहां के स्थानीय नियमों और कानूनों का पालन करें।