
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- वृंदावन में विधवाओं की...
वृंदावन में विधवाओं की होली बनेगी विश्व रिकॉर्ड का हिस्सा! 2000 से अधिक विधवाएं खेलेंगी रंगों का पर्व

मथुरा। मथुरा-वृंदावन की ऐतिहासिक होली इस बार एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है। योगी सरकार के प्रयासों से 2000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
परंपरागत रूप से भारत में विधवाओं को रंगों और उत्सवों से दूर रहने की अपेक्षा की जाती थी लेकिन भगवान कृष्ण की भूमि वृंदावन में यह परंपरा बदल रही है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस बार 'विधवाओं की होली-2025' का आयोजन किया जा रहा है, जो न केवल सामाजिक समरसता को दर्शाएगा बल्कि विधवाओं को मुख्यधारा में शामिल करने का एक बड़ा कदम साबित होगा।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
इस भव्य आयोजन के तहत 2000 से अधिक विधवाएं रंगों की होली खेलेंगी, जिससे यह उत्सव एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड का हिस्सा बन जाएगा। यह आयोजन सामाजिक परिवर्तन और समावेशिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगा।
सांस्कृतिक पुनरुत्थान और सामाजिक सद्भाव की दिशा में ऐतिहासिक पहल
योगी सरकार इस आयोजन के जरिए न केवल विधवाओं के जीवन में रंग भरने का प्रयास कर रही है, बल्कि सदियों पुरानी वर्जनाओं को भी तोड़ने का संदेश दे रही है। यह आयोजन न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में सामाजिक बदलाव और समरसता की मिसाल बनेगा।