Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

गर्मी का हाहाकार! दिल्ली समेत सात राज्यों में लू का अलर्ट, जानिए कैसा मौसम रहेगा

Aryan
15 April 2025 12:46 PM IST
गर्मी का हाहाकार! दिल्ली समेत सात राज्यों में लू का अलर्ट, जानिए कैसा मौसम रहेगा
x
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत 7 राज्यों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी।

नई दिल्ली। गर्मी ने इन दिनों सभी को परेशान करके रख दिया है। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत 7 राज्यों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी। साथ ही उत्तर- पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में प्रंचड गर्मी की शुरुआत हो चुकी है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। उधर, 16 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

19 अप्रैल तक गर्मी की मार

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में 19 अप्रैल तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है, खासकर 16 से 18 अप्रैल के बीच गर्मी अपने चरम पर होगी। पूर्वी राजस्थान में भी 15 से 19 अप्रैल तक तेज लू चलने की आशंका बताई है। गुजरात में 15 से 17 अप्रैल, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल के बीच लू चलेगी। वहीं, केरल और माहे में 15 अप्रैल को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 16 से 18 अप्रैल और पूर्वी राजस्थान में 17-18 अप्रैल की रातें भी बेहद गर्म हो सकती हैं।

किन राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने कुछ राज्यों को भारी चेतावनी दी है, जिनमें मध्य भारत और महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं। साथ ही ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड और बिहार में 18 अप्रैल तक भारी बारिश और ओले गिरने की आशंका है। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं अगले पांच दिनों तक जारी रह सकती हैं।

भारी बारिश की उम्मीद

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 18-19 अप्रैल को ओलावृष्टि और भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। जिसके चलते जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 18 अप्रैल को तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18-19 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है। दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, बांग्लादेश और मन्नार की खाड़ी में निचले वायुमंडलीय स्तरों पर तीन चक्रवाती परिसंचरण एक साथ सक्रिय हैं। तेलंगाना और पश्चिम राजस्थान में भी अलर्ट है।

Next Story