
- Home
- /
- मुख्य समाचार
- /
- पंजाब में किसान...
पंजाब में किसान आंदोलन: पुलिस की कार्रवाई तेज, किसान नेता दलजिंदर गिरफ्तार, कुलवंत सिंह नजरबंद

चंडीगढ़। पंजाब के किसान अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। 5 मार्च को चंडीगढ़ में प्रस्तावित मोर्चे से पहले, पुलिस ने किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी की और कई को हिरासत में लिया है।
भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां के घर पर पुलिस पहुंची, लेकिन वह मौजूद नहीं थे। इसके अलावा, बरनाला जिले में भी कई किसान नेताओं के घरों पर पुलिस की दबिश हुई। मानसा जिले में पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर करीब दर्जनभर किसानों को हिरासत में लिया। थाना पातड़ां के गांव मौलवीवाला में किसान नेता कुलवंत सिंह को नजरबंद किया गया। वह कुल हिंद किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
किरती किसान यूनियन के ब्लॉक नेता दलजिंदर सिंह हरियाउ को भी गिरफ्तार किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के महत्वपूर्ण सदस्यों पर की गई इस कार्रवाई के चलते किसान संगठनों में रोष है। किसान नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए विरोध तेज करने की चेतावनी दी है।